ट्रेनों में रात 11 से सुबह 5 तक बंद रहेंगे चार्जिंग प्वाइंट, यात्रियों की सुरक्षा को लेकर ने शुरू किया अभियान
South Eastern Railway ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने का निर्देश दिया है।

ट्रेनों में सुरक्षा को लेकर रेलवे ने शुरू किया 15 दिवसीय संरक्षा अभियान। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
ट्रेनों में रात 11 से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग बंद रहेगी।
दक्षिण पूर्व रेलवे ने 15 दिवसीय संरक्षा अभियान शुरू किया।
नियमों का पालन न करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
अरविंद, बोकारो। यात्री ट्रेनों में रात 11 से सुबह पांच बजे तक मोबाइल और लैपटाप के चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने होंगे। निर्देश का सख्ती से पालन कराने के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे ने आठ नवंबर तक 15 दिवसीय संरक्षा अभियान शुरू किया है।
अभियान के दौरान चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने के नियम की निगरानी होगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित रेलकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी के कार्यालय ने बीते 24 अक्टूबर को इस संबंध में निर्देश जारी किया था।
आदेश के अनुसार, चक्रधरपुर रेल मंडल के एक एसी कोच में पावर बैंक फटने से मामूली आग लगने की घटना हुई थी। दूसरे जोनल रेलवे के एक नान एसी कोच में भी ऐसी घटना सामने आई थी। इन घटनाओं के बाद यात्री कोचों में आग से सुरक्षा को सुनिश्चित करने के साथ निर्धारित निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने का निर्णय लिया गया।
पत्र में बताया गया है कि अभियान के तहत संबंधित कर्मचारियों को चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने के निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। ट्रेनों में तैनात एस्कार्टिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों को नियमित रूप से जांच करनी होगी कि रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक चार्जिंग प्वाइंट बंद हैं या नहीं।
वाणिज्यिक, यांत्रिक और विद्युत विभाग के अधिकारी व पर्यवेक्षक भी औचक निरीक्षण कर नियमों के अनुपालन की जांच करेंगे। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों की अनदेखी या ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सभी फील्ड इकाइयों और अनुरक्षण डिपो को भी आग से सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा अभियान के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। अभियान की दैनिक प्रगति की निगरानी गूगल शीट के माध्यम से की जाएगी। जांच, औचक निरीक्षण, सामने आई अनियमितताओं और सुधारात्मक कार्रवाई का ब्योरा दर्ज होगा।
रात में सफर करने वाले यात्रियों को भी सलाह दी जाएगी कि घर से निकलने से पहले मोबाइल और लैपटॉप चार्ज कर लें, ताकि निर्धारित समय में चार्जिंग प्वाइंट बंद रहने से परेशानी न हो।
