ऑनलाइन हुई योगासन प्रतियोगिता, मिला ई-सर्टिफिकेट
डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर छह की ओर से सोमवार को ऑनलाइन योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राचार्य भैया अभिनव कुमार ने कहा कि योग के जरिए शरीर निरोग रहता है।
जागरण संवाददाता, बोकारो: डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर छह की ओर से सोमवार को ऑनलाइन योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राचार्य भैया अभिनव कुमार ने कहा कि योग के जरिए शरीर निरोग रहता है। विद्यार्थियों को योगाभ्यास का प्रशिक्षण हासिल करना चाहिए। इसके बाद नियमित रुप से योगाभ्यास करना चाहिए। इससे इन्हें काफी लाभ होगा। वे कई तरह की बीमारियों की चपेट में आने से बच सकेंगे। विद्यार्थियों को योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। लॉकडाउन के दौरान बच्चे घर में हैं। इसलिए इनके बीच ऑनलाइन योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इसमें भाग लेकर विद्यार्थियों ने वृक्षासन, भुजंगासन, ताड़ासन, शवासन, त्रिकोणासन आदि का प्रदर्शन किया। उन्होंने इन आसनों का वीडियो बनाकर स्कूल की वेबसाइट पर भेजा। निर्णायक मंडल के सदस्यों ने प्रतियोगिता में सफल विद्यार्थियों को चयनित किया। आर्यन, हर्ष कुमार, ओशी, आंशु देव, प्रज्ञा, सोनाली, शांभवी झा, रिशु कुमारी, राजनंदिनी आदि विद्यार्थियों ने बेहतर तरीके से योगासन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ई सर्टिफिकेट दिया गया। प्रशांत कुमार, किरण सिंह, कुमार समरेश व अखिलेश मिश्र का कार्यक्रम के आयोजन में सराहनीय प्रयास रहा।