विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बोकारो के नावाडीह में नेतरहाट की तर्ज पर बनेगा मॉडल आवासीय विद्यालय, ग्रामीण बच्चों को मिलेगी बेहतर शिक्षा

Published: Fri, 10 Jul 2026 03:06 PM (IST)

‍Bokaro News: नावाडीह प्रखंड में नेतरहाट आवासीय विद्यालय की तर्ज पर बनने वाले आवासीय विद्यालय का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया गया।

नावाडीह में आवासीय विद्यालय के शिलान्यास के मौके पर उपस्थित गिरिडीह सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी, डुमरी विधायक जयराम महतो और अन्य। (फोटो जागरण)

नावाडीह में आवासीय विद्यालय के शिलान्यास के मौके पर उपस्थित गिरिडीह सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी, डुमरी विधायक जयराम महतो और अन्य। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. नावाडीह में नेतरहाट मॉडल आवासीय विद्यालय का शिलान्यास हुआ।

  2. सांसद, विधायक ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन किया।

  3. ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, उज्ज्वल भविष्य।

संवाद सहयोगी, नावाडीह (बोकारो)। झारखंड के बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड में नेतरहाट आवासीय विद्यालय की तर्ज पर बनने वाले आवासीय विद्यालय के निर्माण कार्य का गुरुवार को गिरिडीह सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी, डुमरी विधायक जयराम महतो तथा प्रखंड प्रमुख पूनम देवी ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।

सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव होती है। उन्होंने कहा कि यह आवासीय विद्यालय क्षेत्र के ग्रामीण एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और प्रतिस्पर्धी शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इससे दूर-दराज़ तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ वे अपने संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे के बेहतर भविष्य के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

डुमरी विधायक जयराम महतो ने कहा कि यह आवासीय विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इसके निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है और इस विद्यालय के शुरू होने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर अवसर भी उपलब्ध होंगे।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए शिक्षा सहित सभी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि संदीप झारखंडी, जेएलकेएम प्रखंड अध्यक्ष देवनारायण महतो, आजसू नेता सुरेश महतो, दीपक महतो, कमलेश महतो, विक्की शर्मा एवं बॉबी पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।