युवक की हत्या कर जंगल में फेंका शव
जागरण संवाददाता बोकारो चास मुफस्सिल थाना इलाके के दुधीगाजर जंगल से एक 18 वर्षीय युवक का
जागरण संवाददाता, बोकारो : चास मुफस्सिल थाना इलाके के दुधीगाजर जंगल से एक 18 वर्षीय युवक का शव पुलिस ने शुक्रवार की शाम बरामद की। शव की शिनाख्त मुफस्सिल थाना इलाके के हरिडीह गांव निवासी राम प्रसाद मुर्मू के पुत्र सुखदेव मुर्मू के रूप में हुई। सूचना मिलने पर मौके पर चास एसडीपीओ बमामन टुटी व थाना इंचार्ज पहुंचे। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया।
पुलिस को जानकारी मिली कि हरिडीह निवासी सुखदेव ने अपने गांव में बीते दिन होली खेली। शाम सात बजे तक उसे देखा गया। इसके बाद वह लापता हो गया। जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने रात को इधर-उधर उसकी तलाश की। जानकारी नहीं मिलने पर सुबह भी परिजन इसकी तलाश में जुटे रहे। इधर जानकारी मिली कि दुधीगाजर जंगल में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर गांव वाले व परिजन यहां पहुंचे। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस तक सूचना पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस देर रात तक घटनास्थल से लेकर गांव तक हत्या की वजह व हत्यारों के बारे में जानकारी लेने की कोशिश में जुटी हुई थी। देर शाम पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में पूछताछ शुरू की है। वर्जन: युवक सुखदेव मुर्मू की गला घोंटकर हत्या की गई है। होली के दिन शाम सात बजे तक उसे अपने गांव में देखा गया था। इसके बाद वह लापता हो गया था। पुलिस को पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है। पुलिस कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बहुत जल्द हत्या की वजह का खुलासा करते हुए पुलिस हत्यारों को गिरफ्तार कर लेगी।
बहामन टुटी, एसडीपीओ चास।