वृद्ध को मारकर जंगल में फेंका
संवाद सहयोगी सुरही (बेरमो) नावाडीह पुलिस ने बुधवार दोपहर लगभग चार बजे आहरडीह व चिरु
संवाद सहयोगी, सुरही (बेरमो) : नावाडीह पुलिस ने बुधवार दोपहर लगभग चार बजे आहरडीह व चिरुडीह के बीच भोलगड़ा जंगल से एक वृद्ध का शव बरामद किया। शव की पहचान नावाडीह थाना क्षेत्र के चिरुडीह निवासी घनश्याम महतो उर्फ गरीब नेता (65 वर्ष) के रूप में की गई। शव के चेहरे पर गहरे जख्म व गर्दन पर दबाव के निशान दिखे। बेरमो सर्किल के पुलिस इंस्पेक्टर सुधीर सुरीन की मानें तो गर्दन दबाकर अन्यत्र हत्या कर शव को भोलगड़ा जंगल में फेंका गया है। वहां से कुछ दूरी पर मफलर मिला है। गुरुवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
कुछ चरवाहा मवेशियों को चराने भोलगड़ा जंगल की तरफ गए तो शव पड़ा देखा। उन्होंने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना पाकर चिरुडीह के मुखिया रणविजय सिंह, भाजपा नेता दशरथ महतो, गोविद महतो, भरत दास सहित राज हसन आदि पहुंचे। शव की पहचान हुई। बेरमो सर्किल के पुलिस इंस्पेक्टर सुधीर सुरीन, नावाडीह थाना प्रभारी अनिल उरांव, सहायक अवर निरीक्षक कमलेश सिंह एवं सुकरा उरांव पहुंचे और जानकारी ली।
मृतक के पुत्र भीम महतो ने पुलिस को बताया कि उसके पिता बीते दो दिनों से लापता थे। पिता का पलामू के कुछ व्यक्तियों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले पलामू के कुछ लोग उसके घर आकर उन्हें जबरन उठा ले गए थे और कागज पर पंद्रह दिन के अंदर रुपये लौटाने का हस्ताक्षर करा लिया था। मुखिया रणविजय सिंह ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की रात पेंक-नारायणपुर थाना के एक पुलिस अधिकारी उन्हें फोन कर घनश्याम महतो के बारे में पूछ रहे थे।
इधर घटना की जानकारी मिलने पर डुमरी विधायक जगरनाथ महतो, भाजपा नेता प्रदीप साहू, झामुमो के जिला सचिव जयनारायण महतो, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष लोकेश्वर महतो, प्रखंड सचिव सोनाराम हेम्ब्रम, ग्राम प्रधान राज हसन, कमल क्लब के अध्यक्ष वसीम हैदर आदि ने पहुंचकर मृतक के परिजनों को ढांढ़स बंधाया।