Move to Jagran APP

आजसू नेता ने दो लोगों को मारी गोली, एक की मौत; एक गंभीर

झारखंड के बोकारो में आजसू नेता अजय सिंह ने अपने शागिर्दों के साथ दो लोगों को गोली मार दी।

By Sachin MishraEdited By: Published: Thu, 15 Feb 2018 11:45 AM (IST)Updated: Thu, 15 Feb 2018 05:31 PM (IST)
आजसू नेता ने दो लोगों को मारी गोली, एक की मौत; एक गंभीर
आजसू नेता ने दो लोगों को मारी गोली, एक की मौत; एक गंभीर

बोकारो, जेएनएन। झारखंड के बोकारो में आजसू नेता सह अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी अजय सिंह ने अपने शागिर्दों के साथ सेक्टर नौ ए रोड स्ट्रीट चार में दो लोगों को गोली मार दी। इस घटना में सुनील गुप्ता नामक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा अमरेश उर्फ अप्पू जीवन और मौत के बीच जूझ रहा है। उसका इलाज बोकारो जेनरल अस्पताल में चल रहा है। जानकारी पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अजय सिंह के घर देर रात पुलिस ने छापा मारकर तीन देसी तमंचे, एक कारबाइन और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किया है, जबकि अजय सिंह फरार है। अजय सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है, वह कार से फरार हुआ है।

loksabha election banner

वहीं, पुलिस अजय सिंह की पत्नी एंजेला सिंह और बड़े भाई राजेश सिंह से पूछताछ कर रही है। अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घायल अमरेश कुमार सिंह का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल के आईसीयू वार्ड में चल रहा है, जहां वह खतरे से बाहर है।

अजय सिंह का फोटो।

पुलिस ने अजय की पत्नी अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज सह प्रशिक्षक एंजेला सिंह को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। आजसू नेता अजय सिंह ने 2005 में आजसू के टिकट पर व 2014 में तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर बोकारो विधान सभा सीट से चुनाव लड़ा था। 

मामले की जानकारी पाते ही बोकारो डीएसपी अजय कुमार, सीसीआर डीएसपी रजत माणिक बाखला, पुलिस अधिकारी कमल किशोर, राजेश कुजूर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। यहां प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सेक्टर नौ ए रोड स्ट्रीट चार पर अमरेश और सुनील से किसी बात को लेकर अजय सिंह की बहस हुई थी।

अजय के घर बरामद हथियार और कारतूस।

इसके बाद ही अजय ने शागिर्दों के साथ मिलकर फायरिंग कर दी। सुनील और अमरेश दोनों को गोली लगी और वे घटनास्थल पर गिर गए। इस बीच अजय अपने साथियों के भाग निकला। घायलों को स्थानीय लोग अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। अमरेश का इलाज चल रहा है। उसके बयान के बाद ही पूरा घटनाक्रम पता चल सकेगा। सुनील गुप्ता सेक्टर नौ के नवनाथ मंदिर क्षेत्र व अमरेश नौ ए स्ट्रीट चार का निवासी है।

पुलिस हिरासत में एंजेला सिंह।

घटना के कारणों की पुलिस कर रही पड़ताल

घटना क्यों हुई, पूरा घटनाक्रम क्या है इस बारे में पुलिस आसपास के लोगों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। डीएसपी अजय कुमार ने बताया कि अमरेश के बयान के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अजय ने गोली मारी है, इसके बाद उनके घर पर छापा मारा। उनके घर से तमंचे, कारबाइन और बड़ी संख्या में कारतूस मिले हैं।

इस तरह हुई वारदात

सिटी डीएसपी अजय कुमार के अनुसार, बुधवार की रात आजसू नेता अजय व उसकी पत्नी एंजेला के बीच विवाद हुआ। इस विवाद के बाद पत्नी घर से निकल गई। अजय पत्नी को खोजते हुए सेक्टर 9 स्ट्रीट 3 पहुंचा। डीएसपी ने बताया कि अजय अपनी पत्नी को घर चलने को कह रहा था, लेकिन पत्नी घर जाने को तैयार नहीं थी। दोनों के बीच कहासुनी चल रही थी। तभी अप्पू उर्फ अमरेश और सुनील गुप्ता कुछ अन्य युवकों के साथ पहुंचेे। दोनों के बीच इन लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया। अजय को इसी बात को लेकर गुस्सा आया और उसने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। सुनील के सिर में और अप्पू के पैर में गोली लगी। अप्पू खुद दोस्त की बाइक से बोकारो जनरल अस्पताल इलाज के गया तो सुनील को गोली मारने वाले अजय ने अपनी ऑल्टो कार से अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल ले जाने के क्रम में सुनील की मौत हो गई। अजय उसे अस्पताल में छोड़कर भाग निकला।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.