बर्खास्तगी वापस नहीं लेने पर सामूहिक इस्तीफा देंगे मनरेगाकर्मी
संस सुरही (बेरमो) पांच सूत्री मांग के समर्थन पर 27 जुलाई से हड़ताल पर गए मनरेगा कर्मियों
संस, सुरही (बेरमो) : पांच सूत्री मांग के समर्थन पर 27 जुलाई से हड़ताल पर गए मनरेगा कर्मियों का आक्रोश उस समय बढ़ गया, जब धनबाद के उपायुक्त गोविदपुर में कार्यरत दो मनरेगा कर्मी को बर्खास्त कर दिया।
मंगलवार को संघ के बोकारो जिलाध्यक्ष सह भलमारा पंचायत के रोजगार सेवक सैयद नन्हें परवेज ने बताया कि सूबे के ग्रामीण विकास मंत्री के बुलाने पर संघ के लोग मंत्री संग वार्ता को पहुंचे थे। इसी दौरान खबर मिली की कि धनबाद के गोविदपुर में कार्यरत सह संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिरुद्ध पांडेय एवं धनबाद के जिला अध्यक्ष मुकेश राम को बर्खास्त कर दिया गया है। इससे आक्रोशित राज्य भर के 5000 मनरेगाकर्मियों ने हड़ताल पर डटे रहने का निर्णय लिया है। अगर बर्खास्त कर्मियों को वापस सेवा पर नहीं रखा जाता तो इसके खिलाफ सभी मनरेगाकर्मी सामूहिक इस्तीफा देंगे। उन्होंने बताया कि मंत्री संग हो रहे सकारात्मक वार्ता में अधिकांश मांगों पर सहमति बन गई थी। साथ ही राज्य भर के मनरेगा कर्मियों ने हड़ताल को स्थगित करते हुए अपने काम पर लौटने का मन बना लिया था। लेकिन विभागीय अधिकारियों के आदेश पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं धनबाद के जिला अध्यक्ष को बदले की भावना से ग्रसित होकर, आंदोलन को कुचलने तथा हड़ताली मनरेगा कर्मियों पर दबाव बनाने के उद्देश्य से, झूठा गबन का आरोप लगाकर बर्खास्तगी का आदेश निर्गत कर देने से संघ में आक्रोश है।