Bokaro Coronavirus News Update: तेलो के सभी पॉजिटिव मरीज हुए निरोग, तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कोरोना विजेता की हुई विदाई
LIVE Bokaro Coronavirus News Update अस्पताल में प्रवेश करने से पहले संक्रमण से बचने के लिए की गई तैयारियों से होकर गुजरना होगा। पहले इनकी थर्मल स्क्रीनिंग होगी।
बोकारो, जेएनएन। Live Bokaro Coronavirus News Update बोकारो के एक और मरीज ने कोरोना को पराजित कर दिया है। निरोग होने के बाद मरीज को बुधवार को बोकारो जनरल अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसी के साथ बोकारो में निरोग होने वाले कोरोना मरीजों की संख्या पांच हो गई है।
बोकारो में कुल दस कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए थे। इनमें एक की मृत्यु हो चुकी है। सबसे पहले चंद्रपुरा प्रखंड के तेलो में कोरोना पॉजिटिव केस सामने आया था। इसके बाद चार और पॉजिटिव मरीज सामने आए। उस गांव के चार लोग स्वस्थ होकर पहले ही घर जा चुके हैं। पांचवे कोरोना पॉजिटिव मरीजों ने कोरोना को पराजित कर दिया है। दोबारा जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद बुधवार को चंद्रपुरा प्रखंड के तेलो के रहने वाले मरीज को बोकारो जनरल अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। यह न सिर्फ बोकारो बल्कि झारखंड के लिए अच्छी और बड़ी खबर है। इससे साफ हो गया है कि कोरोना के खिलाफ जंग जीतना अब मुश्किल नहीं है। इससे पहले शनिवार को यहां के चार मरीजों को छोड़ गया था। चारों हीं तेलो के निवासी हैं। वर्तमान में अबतक और कोई मामला प्रकाश में नही आया है।
तेलो के सभी पांच मरीजों के ठीक हो जाने के बाद अब अस्पताल में गोमिया प्रखंड के साड़म के चार मरीज हैं जिनका क्वॉरंटाइन समय पूरा नहीं हुआ है। उन्हें भी जल्द छोड़ने की योजना है। यही नहीं गोमिया के पीट्स मार्डन स्कूल में रखे गए लोगों को भी विदा कर दिया गया। कोरोना को पराजित करने वाले वृद्ध को अस्पताल से विदा करने के बाद उपायुक्त मुकेश कुमार ने बताया कि पूर्व में हमने चार व्यक्ति को स्वस्थ कर उनके घर भेज चुके हैं। आज भी एक व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर को वापस गया। यह हमारे लिए बहुत बड़ी जीत है।
दिया प्रशासन को धन्यवाद
कोरोना को पराजित करने वाले की विदाई देते समय उपस्थित अधिकारियों तथा स्वास्थ्य कर्मियों ने उनका स्वागत तालियों से किया। भावुक होकर कोरोना से स्वस्थ हुए व्यक्ति ने कहा-जिला प्रशासन एवं डॉक्टरों की टीम को धन्यवाद जिन्होंने पूरा ख्याल रखा। मुझे स्वस्थ होने के लिए मेहनत की। प्रशासन की ओर से फल, खजूर, किताब एवं अन्य आवश्यक सामग्री देकर विदाई दी गई।
लॉकडाउन का सख्ती से पालन करें
उपायुक्त ने लॉकडाउन का पालन करने की अपील की है। कोरोना को हराने में हम कामयाबी हासिल कर रहे हैं। मास्क अनिवार्य रूप से लगाएं। शारीरिक दूरी बनाकर रखें। सबसे अच्छा तरीका है कि अपने-अपने घरों में सुरक्षित रहें।
दो संदिग्ध मरीज को भेजा गया क्वारंटाइन
बोकारो में दो संदिग्ध मरीज मिले हैं। इन्हें क्वारंटाइन सेंटर भेजा गया है। दोनों एक कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए थे। संक्रमण की आशंका को देखते हुए दोनों की स्क्रीनिंग की जा रही है। एक कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए पेटरवार प्रखंड की अंगवाली पंचायत के पिपराटोला निवासी दो लोगों को संदेह के आधार पर चास स्थित क्वारंटाइन सेंटर में मंगलवार को भेज दिया गया है। वहीं उनके परिवार के चार सदस्यों को अंगवाली पंचायत में ही बने आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। पेटरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अल्बेल केरकेट्टा ने बताया कि रांची के एक एंबुलेंस चालक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके संपर्क में आए लोगों की जांच की जा रही है। बीते 22 अप्रैल को उस एंबुलेंस चालक अंगवाली के 15 वर्षीय मरीज एवं उसके चाचा को रांची के संत पॉल अस्पताल से लेकर आया था। अंगवाली आने के बाद 23 अप्रैल को उक्त मरीज की तबीयत अधिक खराब होने पर उसे परिजन अनुमंडलीय अस्पताल फुसरो उपचार कराने के लिए ले गए थे, जहां उसकी मौत हो गई थी। मृतक के पिता ने बताया था कि उनका बेटा ब्रेन टीबी से ग्रसित था, जिसका इलाज रांची स्थित संत पॉल अस्पताल में हो रहा था। चास स्थित क्वांरटाइन सेंटर भेजे गए। मृतक के दोनों परिजन सीधे तौर पर कोरोना पाजिटिव एंबुलेंस चालक के संपर्क में आए थे। इसलिए उन दोनों के ब्लड व लार के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। वहीं अनुमंडलीय अस्पताल फुसरो को सैनिटाइज किया गया।
साड़म के 16 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव
गोमिया के हॉट-स्पॉट बने साड़म में मंगलवार को भी सड़कें सुनी थी, लेकिन इसी बीच साड़म के लिए सुकून देने वाली खबर आई। साड़म के 16 मरीजों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। वैसे जिला में मरीजों की नेगेटिव रिपोर्ट आने की संख्या 36 है। इस संबंध में गोमिया अस्पताल के प्रभारी डॉ. हेलन बारला ने बताया कि साड़म के 16 लोगों की जांच रिर्पोट आई है, जिसमें सभी नेगेटिव है। बोकारो जिला में 10 कोरोना पॉजिटिव के मामले हैं, जिसमें एक की मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने बताया कि गोमिया के पिट्स स्कूल के क्वाराइंटाइन सेंटर में 26 लोगों को रखा गया था। जिसमें ललपनिया के तीन लोगों को पहले ही छोड़ा जा चुका है, वहीं 24 अप्रैल को और पांच लोगों को छोड़ा गया। जिन लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आया है, आदेश मिलने के बाद उन्हें भी छोड़ा जाएगा। 14 अप्रैल को गोमिया से 26 लोगों की कोरोना की जांच के लिए स्वाब भेजा गया था। 26 में से एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। बाकि लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आया है। आदेश के बाद इन्हें भी क्वारंटाइन से मुक्त किया जायेगा।
कोरोना के इलाज की व्यवस्था से सुधरी सदर अस्पताल की सेहत
कोरोना वायरस को लेकर बदली स्वास्थ्य सेवाओं में आगे भी बदलाव देखने को मिलेगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है, ताकि भविष्य में भी किसी भी प्रकार के संक्रमण से लोगों को बचाते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जा सके। स्वास्थ्य सेवा में बदलाव की नींव कोरोना वायरस ने तैयार कर दी है। अब इसी नींव पर स्वास्थ्य विभाग की अगली कार्ययोजना की इमारत को खड़ा किया जाएगा।
अब सिर्फ अपनी बीमारी को लेकर अस्पताल पहुंचे मरीजों को स्वास्थ्य विभाग जांच प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही अस्पताल में प्रवेश मिल सकेगा। पहले की तरह अस्पताल में मरीज के साथ परिजनों की भीड़ को देखते हुए इसमें बदलाव किया गया है। अब सिर्फ चलने-फिरने में असमर्थ या गंभीर रोग के मरीज के परिजन हीं अस्पताल में प्रवेश कर पाएंगे। सामान्य बीमारी के मरीजों के परिजनों को अस्पताल के बाहर ही खड़ा रहना होगा।
मरीज या उनके परिजन को अस्पताल में प्रवेश करने से पहले संक्रमण से बचने के लिए की गई तैयारियों से होकर गुजरना होगा। पहले इनकी थर्मल स्क्रीनिंग होगी, इसके बाद ही इन्हें अस्पताल में प्रवेश मिल सकेगा। ओपीडी में मरीजों को एक-दूसरे से करीब एक मीटर की दूरी पर खड़ा रहना होगा। जांच के दौरान शारीरिक दूरी का अनुपालन पूरी तरह से किया जाएगा। चिकित्सक के कमरे में एक-एक कर मरीजों को प्रवेश दिया जाएगा।