विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बोकारो में जियाडा ने 18 औद्योगिक प्रस्तावों को दी हरी झंडी, स्थानीय रोजगार पर जोर

Published: Tue, 15 Sep 2026 06:35 PM (IST)

जियाडा की प्रोजेक्ट क्लियरेंस कमेटी की बैठक में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 18 औद्योगिक प्रस्तावों को मंजूरी ...और पढ़ें

जियाडा की बैठक करते बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा। (फोटो साैजन्य)

जियाडा की बैठक करते बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा। (फोटो साैजन्य)

HighLights

  1. जियाडा बैठक में 18 औद्योगिक प्रस्तावों को मिली मंजूरी।

  2. उपायुक्त ने बोकारो में औद्योगिक विकास, रोजगार पर दिया जोर।

  3. स्थानीय युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन पर बल।

जागरण संवाददाता, बोकारो। उपायुक्त सह क्षेत्रीय निदेशक, जियाडा,अजय नाथ झा की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में पीसीसी की बैठक हुई। बैठक में लीज होल्ड राइट ट्रांसफर के 10 तथा अतिरिक्त आइटम एवं आइटम परिवर्तन से जुड़े आठ मामलों समेत कुल 18 मामलों पर विचार-विमर्श किया गया।

सभी मामलों पर नियमानुसार निर्णय लिया गया। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने मामलों से जुड़े आवश्यक दस्तावेज और प्रक्रियागत स्थिति की जानकारी भी साझा की। उपायुक्त ने औद्योगिक गतिविधियों से संबंधित मामलों में नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उपायुक्त ने कहा कि बोकारो में औद्योगिक विकास को गति देने के साथ विस्थापितों और स्थानीय निवासियों को रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने उद्योगवार उपलब्ध एवं सृजित रोजगार की स्थिति की जानकारी ली। उद्योगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाएं बढ़ाने तथा कौशलयुक्त युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जिले में संचालित छोटे-बड़े उद्योग औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए उद्योगों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने उद्योगों से उनकी जरूरत के अनुरूप स्थानीय युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देने की भी अपेक्षा जताई।

बैठक में जियाडा के क्षेत्रीय उपनिदेशक, सहायक विकास पदाधिकारी, जेबीवीएनएल चास के कार्यपालक अभियंता, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के क्षेत्रीय पदाधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक बैंक ऑफ इंडिया चास, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल चास के कार्यपालक अभियंता तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति उद्यमी विकास संघ के प्रतिनिधि उपस्थित थे।