विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में नक्सलियों से भिड़ने वाली SAT को मिला नया नाम, अब CTF कहलाएगी; टीम की संख्या भी घटेगी

Published: Thu, 25 Jun 2026 02:22 PM (IST)

झारखंड में नक्सल गतिविधियों में बदलाव के कारण स्पेशल एक्शन टीम (सैट) का पुनर्गठन किया जा रहा है, जिसमें टीमों की संख्या 124 से घटाकर 73 की जाएगी।

AI Generated Image

AI Generated Image

HighLights

  1. सैट टीमों की संख्या 124 से घटाकर 73 की जाएगी।

  2. 37 टीमें अब क्राइम टास्क फोर्स (सीटीएफ) बनेंगी।

  3. नक्सल गतिविधियों में बदलाव के कारण पुनर्गठन आवश्यक।

अरविंद, बोकारो। झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाने के लिए वर्ष 2015-16 में गठित स्पेशल एक्शन टीम (सैट) का पुनर्गठन होने जा रहा है। राज्य में नक्सल गतिविधियों की बदलती स्थिति को देखते हुए सैट की संख्या घटाने और इसके स्वरूप में बदलाव का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

पुनर्गठन के बाद सैट की 124 टीमों को घटाकर 73 टीम करने की अनुशंसा की गई है। इनमें से 37 टीमें क्राइम टास्क फोर्स (सीटीएफ) के रूप में काम करेंगी। इस संबंध में 15 जून को झारखंड जगुआर के डीआईजी इंद्रजीत महथा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जैप के डीआईजी कार्तिक एस, चाईबासा के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा समेत कई अधिकारी शामिल हुए।

19 जून को तीनों अधिकारियों के हस्ताक्षर से निर्गत पत्र में बताया गया है कि हुई बैठक में राज्यभर में कार्यरत सैट टीमों की संरचना, उपलब्ध बल और उनकी वर्तमान उपयोगिता की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि राज्य में नक्सल विरोधी अभियानों के लिए कुल 124 सैट टीमों का गठन किया गया था। उस समय नक्सल गतिविधियां अधिक थीं, लेकिन वर्तमान में परिस्थितियों में बदलाव आया है।

साथ ही यह भी पाया गया कि जिला पुलिस, झारखंड सशस्त्र पुलिस और आईआरबी से गठित अधिकांश सैट टीमों में निर्धारित मानक के अनुरूप बल उपलब्ध नहीं है। कई जवान और पदाधिकारी कार्यालय कार्य, विधि-व्यवस्था संधारण, एयरपोर्ट ड्यूटी तथा अन्य जिम्मेदारियों में लगाए गए हैं।

समिति ने अपनी अनुशंसा में कहा है कि पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, गुमला, चाईबासा, जमशेदपुर, दुमका, देवघर, धनबाद, रांची, गिरिडीह और बोकारो समेत कुल 13 जिलों में दो-दो सैट टीम रखी जाए। वहीं अन्य 11 जिलों में एक-एक टीम गठित की जाए। इस तरह कुल 37 टीमों को क्राइम टास्क फोर्स के रूप में रखा जाएगा।

इसके अलावा झारखंड सशस्त्र पुलिस, आईआरबी और एसआईआरबी की 18 वाहिनियों से दो-दो टीम गठित कर 36 सैट टीम बनाई जाएंगी। इस प्रकार वर्तमान में उपलब्ध 124 टीमों की संख्या घटकर 73 रह जाएगी। बैठक में यह भी बताया गया कि राज्य में नक्सल गतिविधियों से निपटने के लिए झारखंड जगुआर की विशेष टीमें उपलब्ध हैं।

वहीं क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन के लिए झारखंड सशस्त्र पुलिस, आईआरबी और एसआईआरबी के जवान पहले से तैनात हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सैट के पुनर्गठन का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

सैट के लिए जवानों के चयन में इच्छुक कम उम्र, शारीरिक रूप से स्वस्थ और दक्ष पुलिसकर्मियों को प्राथमिकता देने की अनुशंसा की गई है। समिति की रिपोर्ट पर अब पुलिस मुख्यालय स्तर पर आगे की कार्रवाई होगी। मुख्यालय से हरि झंडी मिलते ही इसपर आगे का काम होगा।