दुबई में फंसे झारखंडी श्रमिक: सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने विदेश मंत्री से मांगी मदद
गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से दुबई में फंसे झारखंड के 14 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी ...और पढ़ें

दुबई में फंसे मजदूर और गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी। (फाइल फोटो)
HighLights
सांसद ने दुबई में फंसे 14 श्रमिकों की वापसी मांगी।
तीन माह से वेतन नहीं मिला, अमानवीय स्थिति में श्रमिक।
पासपोर्ट वापसी, बकाया वेतन और शीघ्र स्वदेश वापसी की मांग।
जागरण संवाददाता, बेरमो (बोकारो)। दुबई में अमानवीय परिस्थितियों में फंसे झारखंड के 14 श्रमिकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी को लेकर गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है। सांसद ने विदेश मंत्री को एक पत्र भी सौंपा है।
आजसू सांसद चाैधरी ने बताया कि गिरिडीह, बोकारो और हजारीबाग जिले के ये श्रमिक अक्टूबर 2025 में ईएमसी कंपनी में ट्रांसमिशन लाइन के कार्य के लिए दुबई गए थे, लेकिन पिछले तीन महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला है।
उन्होंने विदेश मंत्री से श्रमिकों के पासपोर्ट वापस दिलाने, बकाया वेतन वसूली के लिए कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा सुरक्षित और शीघ्र स्वदेश वापसी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
सांसद ने कहा कि श्रमिकों पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा है और वापसी के लिए अवैध रूप से धन की मांग की जा रही है, जो मानवाधिकारों का उल्लंघन है। वर्तमान में श्रमिकों की स्थिति बेहद दयनीय है और उन्हें खाने-पीने तक की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
