Instagram पर हुई दोस्ती, प्यार और शादी की बात; हैदराबाद से बोकारो पहुंचा प्रेमी, झारसुगुड़ा में दोनों पकड़े गए
Instagram Love Story: कसमार थाना क्षेत्र से इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद शादी के बहाने भगाई गई 19 वर्षीय युवती ...और पढ़ें

बोकारो की युवती को Instagram पर हैदराबाद के युवक से हुआ प्यार। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवती को बहला-फुसलाकर भगाया गया।
पुलिस ने ओडिशा के झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन से युवती को बचाया।
हैदराबाद निवासी आरोपी दिनेश सागर को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
संवाद सहयोगी, कसमार (बोकारो)। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती प्यार में बदली और बात शादी तक पहुंच गई। झारखंड के बोकारो की युवती की हैदराबाद के एक युवक से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे। इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया।
प्रेमिका से मिलने और उसे अपने साथ ले जाने के लिए युवक हैदराबाद से बोकारो पहुंचा। यहां से वह युवती को लेकर निकल गया। दोनों हैदराबाद जाने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने ओडिशा के झारसुगुड़ा में दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस ने युवती के परिजनों की शिकायत पर अपहरण के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोप है कि कसमार थाना क्षेत्र के मायापुर टोला बरबटोला से शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर 19 वर्षीय युवती रुखसाना खातून को अपहरण किया गया।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हैदराबाद निवासी दिनेश सागर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में तेनुघाट जेल भेज दिया है। मामले के बारे में बताते हुए एएसआइ रोजिद आलम ने बताया कि युवती की पहचान हैदराबाद निवासी दिनेश सागर से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी।
बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच दोस्ती हो गई। आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने की योजना बनाई। इसके लिए उसने दूसरे व्यक्ति के नाम पर सिम कार्ड लिया और हैदराबाद से कसमार के मायापुर टोला बरबटोला पहुंच गया।
गत 24 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे युवती मोबाइल चार्ज कराने की बात कहकर घर से निकली थी। आरोप है कि बाहर मौजूद दिनेश उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
रांची से हैदराबाद ले गया, झारसुगुड़ा में पकड़ा गया
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती को पहले रांची ले गया और वहां कुछ समय तक छिपाकर रखा। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए सिम कार्ड बदलकर उसे हैदराबाद ले जाने लगा। युवती के घर नहीं लौटने पर उसके पिता सेराजुद्दीन अंसारी ने कसमार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान शुरू किया। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इसी क्रम में पुलिस को युवती के उड़ीसा के झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन पर होने की जानकारी मिली।
पुलिस टीम ने वहां कार्रवाई कर युवती को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी दिनेश सागर को गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में तेनुघाट जेल भेज दिया गया।
