विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड के रेल यात्रियों के खुशखबरी! बरकाकाना से पटना के लिए जल्द चलेगी नई एक्सप्रेस ट्रेन

Published: Wed, 19 Aug 2026 07:17 PM (IST)

Bokaro News: धनबाद रेल मंडल ने बरकाकाना से गोमो होते हुए पटना के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का प्रस्ताव पूर्व-मध्य रेल मुख्यालय हाजीपुर को भेजा है।

बरकाकाना-पटना एक्सप्रेस। (प्रतीकात्मक फोटो)

बरकाकाना-पटना एक्सप्रेस। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. बरकाकाना-पटना नई एक्सप्रेस ट्रेन का प्रस्ताव भेजा गया।

  2. गोमिया स्टेशन पर तीन ट्रेनों के ठहराव की मांग।

  3. धनबाद रेल मंडल ने हाजीपुर मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा।

संवाद सूत्र, ललपनिया (बोकारो)। बरकाकाना से गोमो होकर पटना के लिए शीघ्र ही नई एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी। इस आशय का प्रस्ताव धनबाद रेल मंडल कार्यालय ने पूर्व-मध्य रेल मुख्यालय हाजीपुर को भेजा है। यह प्रस्ताव धनबाद मंडल रेलयात्री कल्याण संघ के अध्यक्ष इफ्तेखार महमूद के मांगपत्र पर कार्रवाई करते हुए भेजा गया है।

महमूद ने बुधवार को बताया कि धनबाद रेल मंडल के सीनियर डिवीजनल कामर्शियल मैनेजर मनीष सौरभ ने उन्हें वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गोमिया रेलवे स्टेशन पर नहीं रुकने वाली लंबी दूरी की तीन एक्सप्रेस ट्रेनों का गोमिया में ठहराव सुनिश्चित करने का भी प्रस्ताव धनबाद मंडल की ओर से हाजीपुर मुख्यालय को भेजा गया है।

उल्लेखनीय है कि बरकाकाना से गोमो होकर पटना के लिए नई ट्रेन चालू कराने और 19607-08 हावड़ा अजमेर एक्सप्रेस ट्रेन, 19413-14 अहमदाबाद कोलकाता एक्सप्रेस ओर 03327-28 मुंबई-धनबाद एक्सप्रेस ट्रेन का गोमिया रेलवे स्टेशन में ठहराव कराने के लिए धनबाद मंडल रेलयात्री कल्याण संघ के अध्यक्ष महमूद पिछले तीन साल से प्रयासरत हैं।

पटना के लिए नई ट्रेन शुरू करने ओर उक्त तीनों एक्सप्रेस ट्रेनों का गोमिया रेलवे स्टेशन में ठहराव कराने की मांग को लेकर उनकी पूर्व-मध्य रेलवे के अधिकारियों से कई बार वार्ता हुई थी। अंततः पूर्व-मध्य रेल धनबाद मंडल की सहमति के बाद बरकाकाना से पटना जाने-आने के लिए नई ट्रेन चालू करने एवं उक्त तीनों एक्सप्रेस ट्रेनों का गोमिया स्टेशन में ठहराव कराने का प्रस्ताव हाजीपुर मुख्यालय भेजा गया।