विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखं‍ड में बड़ा रेल हादसा, मेजिया थर्मल के लिए जा रही मालगाड़ी डुमरी बिहार के पास पटरी से उतरी

By Jitendra Agrawal Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Wed, 15 Apr 2026 07:19 PM (IST)

Dumri Bihar Station Goods Train Accident: बुधवार सुबह डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी ...और पढ़ें

मालगाड़ी दुर्घटना का जायजा लेते रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी।

मालगाड़ी दुर्घटना का जायजा लेते रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी।

HighLights

  1. डुमरी बिहार स्टेशन के पास मालगाड़ी बेपटरी हुई।

  2. कोयला ले जा रही चार बोगियां पटरी से उतरीं।

  3. रेलवे टीम ने सात घंटे में बोगियां पटरी पर चढ़ाईं।

संवाद सहयोगी, जागरण, ललपनिया (बोकारो)। Jharkhand Train Accident News पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेलमंडल के अंतर्गत बरकाकाना-गोमो जंक्शन के बीच डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार को सुबह लगभग साढ़े सात बजे एक मालगाड़ी की चार बोगी पटरी से उतर गई।

मालगाड़ी कोयला लादकर पश्चिम बंगाल के मेजिया थर्मल पावर स्टेशन (एमटीपीएस) जाने के क्रम में बेपटरी हुई। उस दौरान एक पोल उखड़कर बोगी पर गिर गया। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ, फिर भी रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। रेलवे के अधिकारियों-कर्मचारियों ने लगभग सात घंटे तक मशक्कत कर क्रेन से बोगियों को पटरी पर चढ़ाया। 

रेल लाइन नंबर-सात पर हुआ हादसा

रेलवे के सूत्रों के अनुसार यह हादसा डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन के पास बने यार्ड की रेल लाइन नंबर-सात पर उस समय हुआ, जब मालगाड़ी अपनी पूरी गति में थी। उक्त मालगाड़ी डुमरी बिहार सिग्नल से 07:26 बजे खुली थी कि 07:29 बजे अचानक चार बोगी बेपटरी हो गई। इस कारण बोगी नंबर-सात व आठ और पोल संख्या डीएमबीआर-1117 व लाइन नंबर-सात क्षतिग्रस्त हो गई। पोल नंबर डीएमबीआर-1117 अपने स्थान से उखड़कर एक बोगी के ऊपर गिर गया। 

कारणों की जांच को रेलवे की टीम गठित

इस हादसे की सूचना मिलते ही डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन के प्रबंधक पीपी टोप्पो एवं ट्रैफिक इंस्पेक्टर (टीआई) अवधेश कुमार राम पहुंचे और जायजा लेकर रेलवे के आलाधिकारियों को सूचित किया। कुछ देर बाद ही दर्जनों रेलकर्मी रेलवे लाइन को दुरुस्त करने और बोगियों को पटरी पर चढ़ाने में जुट गए।

बताया जा रहा कि इस हादसे के कारणों की जांच के लिए रेलवे की एक टीम गठित की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किस तकनीकी गडबड़ी या रेल ट्रैक के किस कारण से यह हादसा हुआ।

डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी के वैगनों के बेपटरी हो जाने से रेल परिचालन बाधित नहीं हुआ। क्योंकि उक्त हादसा साइड की रेल लाइन पर हुआ। सभी रेलगाड़यों का आवागमन सामान्य दिनों की तरह होता रहा।- बीएन सिंह, प्रबंधक, गोमिया रेलवे स्टेशन।