झारखंड में पांच माओवादियों को लगी पुलिस की गोली
encounter in bokaro. रजबेड़वा गांव के नजदीक झुमरा पहाड़ी में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पांच माओवादियों को गोली लगी।
बेरमो (बोकारो), जागरण संवाददाता। झारखंड में बोकारो के बेरमो के चतरोचट्टी थाना में रजबेड़वा गांव के नजदीक झुमरा पहाड़ी में बुधवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पांच माओवादियों को गोली लगी। जंगल में माओवादियों के खून के धब्बे मिले। माओवादी अपने घायल साथियों को लेकर भागने में सफल रहे। वहीं, एक करोड़ का इनामी नक्सली जोनल कमांडर मिथिलेश महतो साथियों के साथ अमन पहाड़ी भाग गया।
पुलिस ने घटनास्थल से चार डेटोनेटर, माओवादी साहित्य, बैग, कपड़े व खाने-पीने का सामान बरामद किया। पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) आशीष बत्रा के दिशा निर्देश के मुताबिक बोकारो के एसपी कार्तिक एस ने अमन पहाड़ी की घेराबंदी करा दी है। बोकारो पुलिस के साथ सीआरपीएफ के अफसरों को सूचना मिली थी कि रजबेड़वा के नजदीक मिथिलेश महतो अपने दस्ते के साथ आया हुआ है।
बाद में पुलिस ने माओवादियों को घेर लिया तो उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। एक घंटा तक रुक-रुक कर फायरिंग की आवाज आती रही। मुठभेड़ में पांच माओवादियों को गोली लगने की बात कही जा रही है। बाद में पुलिस को भारी पाकर मिथिलेश महतो के साथ दस्ते के सदस्य पहाड़ी की ओर भाग निकले।
'झुमरा पहाड़ में माओवादियों के छिपने की जगह नहीं रह गई है। बेहतर यही होगा कि वे आत्मसमर्पण कर दें। मुठभेड़ के बाद जंगल से माओवादियों के कई सामान मिले हैं।'
-कार्तिक एस, पुलिस अधीक्षक, बोकारो।