तीन से हड़ताल करेंगे बीजीएच के अस्थायी कर्मचारी
जागरण संवाददाता बोकारो बोकारो जेनरल अस्पताल में कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों की मांगों को
जागरण संवाददाता, बोकारो : बोकारो जेनरल अस्पताल में कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों की मांगों को लेकर शुक्रवार को जय झारखंड मजदूर समाज ने अस्पताल गेट के समक्ष प्रदर्शन किया। यूनियन के महामंत्री बीके चौधरी ने कहा कि प्रबंधन की अनदेखी के कारण अस्पताल में कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों का शोषण हो रहा है। कर्मचारियों को हक-अधिकार से वंचित रखा जा रहा है। ऐसे में अस्पताल में कार्यरत सफाईकर्मी, लाउंड्री कर्मी आदि तीन नवंबर की सुबह छह बजे से पांच नवंबर की सुबह छह बजे हड़ताल में रहेंगे।
कहा कि अस्थायी कर्मचारियों को ईएल, बोनस, ईएसआइ एवं पीएफ की सुविधा नहीं मिल रही है। नियमानुसार प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में वेतन देने की जगह दो से तीन सप्ताह के बाद भुगतान किया जाता है। अस्पताल प्रबंधन मूकदर्शक बना हुआ है। कहा कि अस्थायी कर्मचारियों की मांगों पर कई बार अस्पताल प्रबंधन से वार्ता हुई, लेकिन वार्ता में लिए गए निर्णयों पर कोई पहल नहीं की गई। ऐसे में कर्मचारियों के समक्ष हड़ताल के सिवा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा। प्रदर्शनकारियों में एनके सिंह, आरबी चौधरी, बी तेली, अनवर खान, संजय, बीपी मेहता, सत्येंद्र कुमार शामिल थे।