bokaro news हाथी ने अधेड़ को सूंड से उठाकर पटका, गंभीर
जंगल से भटकर 22 हाथियों का झुंड झिरकी कथारा रेलवे कालोनी पहुंचा गया है। हाथी के रिहाइशी इलाके में आने के बाद से दहशत का माहौल कायम है। वन विभाग लगातार ही इसे लेकर लोगों को सतर्क करता है बावजूद एक रांची निवासी की मौत हाथियों की वजह से हुई।
जागरण संवाददाता, बेरमो : बेरमो कोयलांचल के झिरकी क्षेत्र से 22 हाथियों का झुंड शुक्रवार सुबह विचरण करते हुए कथारा रेलवे कालोनी के निकट पहुंच गया । कालोनी स्थित वाशरी के चेक पोस्ट के पास जंगली हाथी ने रांची के रहने वाले 45 वर्षीय बिरजू मुंडा को सूंड से उठाकर पटक दिया। जिससे बिरजू गंभीर रूप से घायल हो गया। हाथी ने पटकने के बाद कुछ नहीं किया जिससे बिरजू की जान बच गई, घायल बिरजू वहीं पर काफी देर तक दर्द से छटपटा रहा। हाथियों के डर से मदद के लिए उसके पास कोई नहीं जा रहा था।
हाथियों के कुछ दूर होने पर साहस दिखाते हुए स्थानीय महेंद्र उर्फ भोला चौहान एवं मोहम्मद मंजर घायल बिरजू के पास पहुंचे और उसे स्कूटी पर बैठा सीसीएल कथारा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक निशा टोप्पो ने प्राथमिक इलाज करने के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए बोकारो रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बिरजू मुंडा रांची के रहने वाले हैं, वह अपनी बहन चिंतामणी देवी के घर आया हुआ था। शुक्रवार की सुबह वह कालोनी से कुछ ही दूरी पर दामोदर नदी तट के तरफ टहलने जा रहा था। जहां यह हादसा हो गया। वहीं सुबह से ही सुरक्षा को लेकर कथारा ओपी के थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह दलबल के साथ रेलवे कालोनी सहित अन्य क्षेत्रों में गश्ती करते हुए लोगों को सावधान कर रहे हैं।