मां-पिता के प्रति बच्चों ने जताया सम्मान व आभार
बेरमो : डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी में मां-पिता के प्रति बच्चों ने गुरुवार को सम्मान व आभार जताया
बेरमो : डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी में मां-पिता के प्रति बच्चों ने गुरुवार को सम्मान व आभार जताया। मौका था मातृ-पितृ पूजन दिवस के उपलक्ष्य में समारोह का, जिसका शुभारंभ दीप जलाकर प्राचार्य व शिक्षकों ने किया।
रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति कर बच्चों ने माता-पिता की आरती उतारी। साथ ही तिलक लगाकर व पुष्पार्पण कर प्रदक्षिणा की। मां की महिमा पर आधारित कविता पाठ के बाद भक्त अरुणि पर आधारित एकांकी बच्चों ने पेश किया। छात्र बबलू केवट ने एकल गान गाया और छात्रा बबली के नेतृत्व में छात्राओं ने मेरी मां हैं महान.. गीत की धुन पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। आई लव यू डैडी-मम्मी.. गीत छात्र देव ने पेश किया। आनंद, धन्वंतरि, आकृति आदि ने मोबाइल फोन के अधिकतम उपयोग के दुष्प्रभाव प्रर्दिशत करते हुए नाटक मंचन किया।
प्राचार्य एस कुमार ने अपने संबोधन में मां-पिता की महिमा बताते हुए कहा कि पाश्चात्य सभ्यता के कारण अधिकांश युवा पीढ़ी भारतीय संस्कृति से विमुख हो रही है। वेलेंटाइन डे की आड़ में भारतीय सभ्यता व संस्कृति से युवाओं को दूर करने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। उसे नकारने के लिए मातृ-पितृ पूजन दिवस यहां मनाया जा रहा है। वरीय शिक्षक डॉ. आरसी झा ने वैदिक मंत्रोच्चार कर मां-पिता की महत्ता पर प्रकाश डाला। अभिभावकों में संजय महतो, लोकनाथ महतो, बीके सिन्हा, सीमा देवी, राखी देवी आदि ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए, इसके संदेश को समाज में प्रचारित-प्रसारित करने पर बल दिया। सहगामी क्रियाओं के संयोजक एसके शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं ने शिक्षक रवि शर्मा, बीएन महतो, विजय कुमार एवं ब्रजेश कुमार के मार्गदर्शन में विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए, जिसका लुत्फ अभिभावकों ने लिया।