विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डीवीसी बोकारो थर्मल प्लांट में ऐश पाइप फटा, दामोदर नदी में बहा राख का मलबा

By Rajnish Prasad Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Sat, 02 May 2026 10:19 PM (GMT+05:30)

DVC बोकारो थर्मल प्लांट में शनिवार सुबह ऐश स्लरी पाइप फटने से दामोदर नदी में कुछ समय के लिए राख ...और पढ़ें

बोकारो थर्मल से निकल रहा गंदा पानी।

बोकारो थर्मल से निकल रहा गंदा पानी।

जागरण, संवाददाता, बेरमो: बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी प्लांट में शनिवार सुबह ऐश स्लरी पाइप में लीकेज होने से कुछ समय के लिए नदी में ऐश का कचरा बह गया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:00 बजे पाइप फटने से स्लरी ऐश का दबाव बढ़ गया और वह सीधे नदी में जाने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही डीवीसी प्रबंधन ने तुरंत ऐश सप्लाई बंद कर दी और क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत का काम शुरू कर दिया। हालांकि, तब तक कुछ मात्रा में ऐश नदी में पहुंच चुकी थी।

मिली जानकारी के मुताबिक प्लांट से ऐश पोंड तक स्लरी पहुंचाने के लिए कुल चार पाइपलाइन हैं, लेकिन इनमें से तीन पहले से ही खराब पड़ी हैं। वर्तमान में केवल एक पाइपलाइन के सहारे ऐश सप्लाई की जा रही थी, जिस कारण दबाव बढ़ने से यह घटना हुई।

डीवीसी बोकारो थर्मल के हेड आफ प्लांट सुशील कुमार अरजरिया ने बताया कि यह एक दुर्घटना है। कार्यरत पाइप में लीकेज हो गया। जैसे ही इसकी सूचना मिली, बिना देर किए मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया और उसे ठीक कर लिया गया।

मरम्मत से पहले स्लरी ऐश की आपूर्ति रोक दी गई थी, हालांकि पाइप में मौजूद स्लरी ऐश बह गया।
तीन पाइप पहले से ही खराब हैं। कई बार इन्हें बनवाने का प्रयास किया गया, लेकिन विवादों के कारण अब तक यह काम पूरा नहीं हो सका।

यह घटना न तो जानबूझकर हुई है और न ही लापरवाही का परिणाम है, बल्कि प्लांट की तकनीकी खराबी के कारण हुई है।