इमाम हुसैन के प्रति महिलाओं ने दिखाई अकीदत
संवाद सहयोगी, कथारा (बेरमो) : खेतको पंचायत की महिलाओं ने गुरुवार को मुहर्रम की नवमी के
संवाद सहयोगी, कथारा (बेरमो) : खेतको पंचायत की महिलाओं ने गुरुवार को मुहर्रम की नवमी के अवसर पर हजरत इमाम हुसैन के प्रति अपनी अकीदत का इजहार किया। महिलाओं ने स्थानीय कर्बला में सामूहिक रूप से शीरनी व चादर चढ़ाई। यहां के मुस्लिम ऊपर टोला, नीचे टोला, दरगाह मुहल्ला व पारटांड़ की महिलाएं शीरनी व चादर लेकर कर्बला पहुंची। मुजावर शाह फिदा हुसैन ने फातिहा कर कर्बला पर चादरपोशी की। मुजावर ने कहा कि प्रत्येक वर्ष मुहर्रम की नवमी को यहां स्थित कर्बला पर शीरनी का फातिहा कर चादरपोशी की जाती है। जिस किसी को कोई परेशानी होती है, वे यहां आकर परेशानी दूर करने की फरियाद करते हैं। जिन्हें परेशानी से निजात मिल जाती है, वे मुहर्रम की नवमी तारीख के दिन कर्बला आकर चादर चढ़ाते हैं। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक रहती है। मुखिया शब्बीर अंसारी व अंजुमन के सदर तनवीर अंसारी ने चादरपोशी के लिए कर्बला पहुंची महिलाओं का नेतृत्व किया। मौके पर पूर्व मुखिया अनवरी खातून, पूर्व उपमखिया जाफर अली, शाह मोहम्मद, कौसर अंसारी, शहादत अंसारी, रफीक अंसारी, कुद्दूस अंसारी, गुलाम रब्बानी, फकीर मोहम्मद, शर्फुद्दीन अंसारी, शोएब अंसारी आदि उपस्थित थे।