पांच वर्षो से जर्जर सड़क से गुजरने को मजबूर ग्रामीण
कसमार प्रखंड के मंजूरा कॉलेज मोड़ सपाहीटांड़ से रांगामाटी आरईओ जर्जर पथ की मरम्मत पिछले पांच वर्षों से नहीं रही है। ग्रामीणों द्वारा कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद का दावा है कि वर्ष 2016 में विभाग से पत्राचार से लेकर विधानसभा सदन में उन्होंने सवाल भी पूछा था।
संवाद सहयोगी, कसमार: कसमार प्रखंड के मंजूरा कॉलेज मोड़ सपाहीटांड़ से रांगामाटी आरईओ जर्जर पथ की मरम्मत पिछले पांच वर्षों से नहीं रही है। ग्रामीणों द्वारा कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद का दावा है कि वर्ष 2016 में विभाग से पत्राचार से लेकर विधानसभा सदन में उन्होंने सवाल भी पूछा था। निवर्तमान विधायक बबीता देवी भी विभाग के उच्च अधिकारियों से पत्राचार किए जाने की बात कहती हैं, लेकिन इसके बावजूद इस पथ की मरम्मत को लेकर कोई पहल नहीं की गई। आलम यह है कि इसी जर्जर पथ से होकर ही मंजूरा, रांगामाटी, दुर्गापुर, बगदा, मेढका, डूंडाडीह, भवानीपुर, लोधकियारी आदि दर्जनों गांव के लोगों को प्रखंड मुख्यालय कसमार व जिला मुख्यालय बोकारो जाना पड़ता है।
बता दें कि इस पथ का निर्माण 10 वर्ष पूर्व हुआ था। इसके बाद आज तक मरम्मत नहीं की गई, जिसके कारण पथ काफी जर्जर हो चुका है। रांगामाटी निवासी विजय कृष्ण ठाकुर, सुभाष महतो, लखनलाल महतो, विमल देवी, आनंद महतो, संतोष महतो आदि ने बताया कि कई बार स्थानीय प्रतिनिधियों को पथ की मरम्मत के लिए ग्रामीणों द्वारा लिखित आवेदन देकर गुहार लगाई गई, लेकिन पथ मरम्मत को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया। मंजूरा निवासी हीरालाल महतो, द्वारिका महतो, रविशंकर महतो, वीणा देवी आदि ने भी नाराजगी जताई।