छठी मइया से बेटियों की खुशहाली की कामना करते गरीबा-नमिता
चास नगर के कुंवर सिंह कालोनी निवासी गरीबा सिंह एवं इनकी पत्नी नमिता देवी की छठी मइया व भगवान भास्कर में अगाध आस्था है। वे 1992 से ही छठ पर्व पूरी श्रद्धा के साथ कर रहे हैं। भगवान से अपनी बेटियों की खुशहाली की कामना करते हैं।
जागरण संवाददाता, बोकारो: चास नगर के कुंवर सिंह कालोनी निवासी गरीबा सिंह एवं इनकी पत्नी नमिता देवी की छठी मइया व भगवान भास्कर में अगाध आस्था है। वे 1992 से ही छठ पर्व पूरी श्रद्धा के साथ कर रहे हैं। भगवान से अपनी बेटियों की खुशहाली की कामना करते हैं। बेटियों के लिए पूजा करते हैं। इस वर्ष भी परिवार लोकआस्था के इस महापर्व की तैयारी में जुटा है।
बेटे की आस में बेटियों से भरी गोद: गरीबा सिंह वाहन चालक हैं। पत्नी नमिता देवी गृहिणी हैं। गरीबा ने कहा कि वह एक पुत्र भी चाहते थे, इसलिए अपनी पत्नी के साथ भगवान की आराधना की, लेकिन बेटे की आस में छह बेटियों से गोद भरा। हालांकि इन्हीं बेटियों ने घर में आस्था को नया स्वरूप दिया। अब इनकी खुशहाली व समृद्धि के लिए हर साल छठ करते हैं। बेटी नेहा, रेखा व रूपा की शादी हो चुकी है, जबकि पूजा, मुस्कान व खुशी पढ़ाई कर रही हैं।