चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएंगी महिलाएं
बोकारो लोकसभा चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। क्या आम और क्या खास सभी चुनाव की चर्चा कर
बोकारो : लोकसभा चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। क्या आम और क्या खास, सभी चुनाव की चर्चा कर रहे हैं। कहीं सरकार की जवाबदेही तय की जा रही है तो कहीं विकास का ताना-बाना बुना जा रहा है। नगर का नुक्कड़ हो या चौक-चौराहा, चुनाव की चर्चा आम है। गांवों के चौपाल भी इससे अछूते नहीं हैं। जैसे-जैसे गिरिडीह लोकसभा चुनाव की तिथि नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे हर वर्ग चर्चा में शामिल होता जा रहा है। क्षेत्र की युवतियां व महिलाएं भी चुनाव को लेकर खासी उत्साहित हैं। वे भी रोजगार, विकास सहित अन्य मुद्दे पर वोट करने को आतुर हैं। गिरिडीह लोकसभा चुनाव में महिलाएं निर्णायक भूमिका अदा करेंगी। इसलिए हर दल की महिला संगठन महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान के लिए जोर-आजमाइश करेंगी। इसके लिए इनकी विशेष तैयारी की सूचना है। मोबाइल, व्हाट्स एप के अलावा जनसंपर्क अभियान के माध्यम से महिला मतदाताओं को लुभाने का प्रयास किया जाएगा। यह मतदाताओं का बहुत बड़ा वर्ग है, जो प्रत्याशी के चुनाव में अहम भूमिका निभाएगी।
-----------------
7 लाख 59 हजार 915 महिलाएं करेंगी मतदान
गिरिडीह लोकसभा के अंतर्गत गिरिडीह, डुमरी, गोमिया, बेरमो, टुंडी व बाघमारा विधानसभा क्षेत्र आते हैं। गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में 1,20,162 महिला मतदाता हैं। डुमरी विधानसभा क्षेत्र में 1,22,705, गोमिया में 1,26,326, बेरमो में 1,40,934, टुंडी में 1,26,818 एवं बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में 1,22,970 महिला मतदाता हैं। गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र में 7 लाख 59 हजार 915 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगी। यहां 8 लाख 67 हजार 985 पुरुष मतदाता मतदान करेंगे।
-------
1472 सेवा मतदाता करेंगे मतदान
गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत गिरिडीह विधानसभा में 211, डुमरी में 118, गोमिया में 166, बेरमो में 234, टुंडी में 316 व बाघमारा में 427 सेवा मतदाता हैं। 1472 सेवा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।