विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुबई में बोकारो के प्रवासी मजदूर की संदिग्ध मौत, परिवार ने मारपीट का आरोप लगाया

By Jitendra Agrawal Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Sun, 29 Mar 2026 03:41 PM (GMT+05:30)

Jharkhand Worker Manoj Mahto Dies in Dubai: दुबई में बोकारो के मनोज महतो नामक प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में ...और पढ़ें

मनोज महतो की मौत की सूचना के बाद शोकग्रस्त परिवार।

मनोज महतो की मौत की सूचना के बाद शोकग्रस्त परिवार।

HighLights

  1. बोकारो के मनोज महतो की दुबई में संदिग्ध मौत।

  2. पत्नी ने पति के साथ मारपीट का आरोप लगाया।

  3. प्रवासी मजदूरों के शोषण पर स्थानीय लोगों में आक्रोश।

संवाद सहयोगी, जागरण, ललपनिया (बोकारो)। विदेश में प्रवासी मजदूरों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला झारखंड के बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़कीसीधावारा पंचायत का है, जहां के निवासी मनोज महतो की दुबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पत्नी कौशल्या देवी ने आरोप लगाया है कि उनके पति के साथ वहां मारपीट की गई, जिसके कारण शुक्रवार को उनकी जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, बड़कीसीधावारा गांव निवासी भैरो महतो के 42 वर्षीय पुत्र मनोज महतो 8 मार्च को रोजगार के सिलसिले में दुबई गए थे। परिजनों का कहना है कि वहां उन्हें उचित भोजन तक नहीं दिया जा रहा था और काम न करने पर प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि मारपीट के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

मनोज सैम बिल्डिंग कंक्रीटिंग प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है।

सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने कहा कि प्रवासी मजदूरों की मौत का यह कोई नया मामला नहीं है। बगोदर प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार की तलाश में विदेश जाते हैं, जहां कई बार उन्हें शोषण और असुरक्षित परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने सरकार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की, ताकि मजबूरी में हो रहे पलायन को रोका जा सके।