विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बोकारो एम्प्टी यार्ड में रेलवे ट्रैक पर फंसा ट्रक, मालगाड़ी से टक्कर के बाद परिचालन बाधित

By Yaswant Bhatti Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Wed, 22 Apr 2026 10:39 PM (IST)

बोकारो रेलवे के एम्प्टी यार्ड में बुधवार सुबह एक ट्रक रेलवे ट्रैक पर फंस गया। खाली मालगाड़ी से टकराने के ...और पढ़ें

दुर्घटना के बाद रेलवे ट्रैक ठीक करते रेल कर्मचारी।

दुर्घटना के बाद रेलवे ट्रैक ठीक करते रेल कर्मचारी।

संवाद सहयोगी, जागरण, जैनामोड़ (बोकारो)। बुधवार सुबह बोकारो रेलवे के एम्प्टी यार्ड में रेलवे ट्रैक पार कर रहे एक ट्रक चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे ट्रक ट्रैक पर ही फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मियों और आरपीएफ में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जाता है कि ट्रक संख्या सीजी 04 एचजेड 9246 रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान चालक को झपकी आ गई और ट्रक सेंटिंग लाइन में फंस गया। ट्रक तेजी से ट्रैक पार करने की कोशिश में था। वहीं, इस बात से अनजान सेंटिंग के लिए जा रही खाली मालगाड़ी ट्रक से टकरा गई।

टक्कर से ट्रक का पहिया ट्रैक से उतर गया। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जाती है। ट्रक सेंटिंग लाइन किनारे स्थित कंट्रोल सिस्टम बॉक्स से भी टकरा गया और वहीं फंस गया। ट्रक पर भारी मशीन लदी हुई थी, जिससे उसे हटाने में दिक्कत हुई। ट्रक फंसे रहने से दोपहिया वाहन भी प्रभावित रहे।

ट्रक हटाने और क्षतिग्रस्त सेंटिंग सिस्टम की मरम्मत में रेलवे कर्मियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी, जिससे मालगाड़ियों का परिचालन प्रभावित रहा। करीब सुबह 8 बजे स्थिति सामान्य हो सकी, तब जाकर रेलवे कर्मियों ने राहत की सांस ली।