बोकारो रामनवमी हादसा: 132 केवी लाइन के संपर्क में आया महावीरी झंडा, सात लोग झुलसे
Bokaro Ram Navami Incident: बोकारो के पेटरवार में रामनवमी अखाड़ा के दौरान महावीरी झंडा 132 केवी हाई टेंशन लाइन से ...और पढ़ें

बेरमो के खेतको में हादसे के बाद अफरा-तफरी।
संवाद सूत्र, जागरण, बेरमो (बोकारो)। झारखंड के बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खेतको शिव मंदिर के समीप शुक्रवार शाम रामनवमी अखाड़ा में महावीरी झंडा खड़ा करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। झंडा 1 लाख 32 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे सात लोग झुलसकर घायल हो गए। घायलों में छह युवक और एक 15 वर्षीय किशोर रूद्र रविदास शामिल है।
घायलों की पहचान खेतको निवासी सुरेन्द्र सिंह (36), गुलाबचंद दास (28), मिथुन ठाकुर (30), अनिल रविदास (40), मदन कुमार नायक, शुभम रविदास (24) एवं रूद्र रविदास (15) के रूप में हुई है। घटना के बाद सभी को तत्काल जारंगडीह स्थित जनता अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बोकारो बीजीएच रेफर कर दिया गया।
चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं, हालांकि करंट लगने से उनके हाथ, पैर और कंधे झुलस गए हैं। सात में दो लोग ज्यादा प्रभावित हैं।
परंपरा के अनुसार रामनवमी जुलूस के साथ महावीरी झंडा अखाड़ा पहुंचा था। एक झंडा खड़ा करने के बाद जब दूसरा झंडा लगाया जा रहा था, तभी वह हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आ गया और यह हादसा हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही बेरमो विधायक कुमार जयमंगल, डुमरी विधायक जयराम महतो, बेरमो एसडीएम मुकेश मछुआ, एसडीपीओ बीएन सिंह सहित कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। जनप्रतिनिधियों ने बेहतर इलाज की व्यवस्था और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर तीन वर्ष पूर्व मुहर्रम जुलूस के दौरान ताजिया हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए, जिससे एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया।
