विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बोकारो में मंइयां सम्मान योजना सत्यापन को उमड़ी भीड़, 15 मई तक होगा भौतिक सत्यापन

By Mahaveer Mahto Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Tue, 12 May 2026 05:50 PM (IST)

Maniya Samman Yojana Verification: बोकारो के तेलो पूर्वी पंचायत भवन में मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के सत्यापन के लिए महिलाओं ...और पढ़ें

बोकारो के तेलो पूर्वी पंचायत भवन में मंइयां सम्मान योजना सत्यापन के लिए उमड़ी महिलाओं की भीड़। (फोटोः जागरण)

बोकारो के तेलो पूर्वी पंचायत भवन में मंइयां सम्मान योजना सत्यापन के लिए उमड़ी महिलाओं की भीड़। (फोटोः जागरण)

संवाद सूत्र, जागरण, दुगदा (बोकारो)। मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के लाभुकों के सत्यापन के लिए मंगलवार को बोकारो जिले के चंद्रपुरा प्रखंड के तेलो पूर्वी पंचायत भवन में महिलाओं की भारी भीड़ जुटी। अपने-अपने नाम का फार्म प्राप्त करने के लिए महिलाओं में होड़ मची रही। पंचायत भवन में सुबह से ही लाभुक महिलाओं और युवतियों का आना-जाना लगा रहा।

फार्म छंटाई में सेविकाओं को हुई परेशानी, महिलाओं को करना पड़ा इंतजार

पूरी पंचायत के लाभुकों के फार्म एक ही बंडल में आने के कारण आंगनबाड़ीवार छंटाई करने में सेविकाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई महिलाओं के फार्म दूसरे आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका के पास चले गए, जिससे उन्हें फार्म की तलाश में इधर-उधर भटकना पड़ा। अव्यवस्था के बावजूद महिलाएं फार्म लेकर उसे भरने और जमा करने में जुटी रहीं।

600 लाभुकों को दिया गया सत्यापन फार्म

मुखिया शंकर कुमार महतो ने बताया कि तेलो पूर्वी पंचायत में करीब 600 लाभुकों को सत्यापन के लिए फार्म उपलब्ध कराया गया है। लाभुक पंचायत भवन से फार्म लेकर उसे भरकर जमा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवालय में 15 मई तक विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, विकलांगता पेंशन और मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के लाभुकों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।

जरूरी दस्तावेज के साथ सत्यापन कराने की अपील

मुखिया ने पंचायत क्षेत्र के सभी लाभुकों से अपील की कि वे आधार कार्ड, राशन कार्ड, वोटर कार्ड और बैंक पासबुक की छायाप्रति लेकर निर्धारित तिथि तक पंचायत भवन पहुंचकर सत्यापन करा लें, ताकि योजना का लाभ निरंतर मिलता रहे। मौके पर वार्ड सदस्य विनोद मांझी, असलम अंसारी, संजय मंडल, राजेंद्र महली, सोनी देवी, ज्ञानचंद प्रसाद, अजय, दिनेश और बबलू मांझी समेत कई लोग मौजूद थे।