छत्तीसगढ़ में हादसे में गई झुमरा के चार मजदूरों की जान, 14 जख्मी
गोमिया प्रखंड अंतर्गत झुमरा पहाड़ और उसके आसपास के गावों के 18 मजदूर छत्तीसगढ़ में हादसे के शिकार हुए हैं।
ललपनिया (बेरमो): गोमिया प्रखंड अंतर्गत झुमरा पहाड़ और उसके आसपास के गावों के 18 मजदूर छत्तीसगढ़ में हादसे के शिकार हुए हैं। इसमें से चार मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं। घायलों में तीन की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। बताया जाता है कि सभी मजदूर टावर लाइन में काम करते थे।
मृतकों में लौकी महतो (58), मुरली महतो (50), जलेश्वर महतो (52) और जीवाधन महतो (48) शामिल हैं। सभी झुमरा और कुर्कनालो के रहने वाले हैं। गंभीर रूप से घायल तीनों मजदूर, प्रकाश हासदा, मेघलाल महतो और डुमर चंद महतो को रायपुर के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं शेष 11 मजदूरों का इलाज बलौदा जिला अस्पताल में चल रहा है।
शिफ्ट चेंज करने के दौरान हुआ हादसा: घटना बुधवार रात 11 बजे की है। पचमो पंचायत की मुखिया रेणुका देवी ने फोन पर हुई बातचीत के आधार पर बताया कि शिफ्ट चेंज करने के दौरान पावरग्रिड कंपनी के काम में लगी आउटसोर्सिग के वाहनों के बीच जोरदार टक्कर से मजदूरों की जान गई है। हादसे की सूचना के बाद मजदूरों के परिजन देर रात से परेशान हैं। टावर लाइन का काम करने वाली आउटसोर्सिग कंपनी के प्रतिनिधियों से संपर्क साधा जा रहा है।