45 हजार किसानों को मिला रघुवर का 'आशीर्वाद'
बोकारो क्लब में शुक्रवार को कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना की पहली किस्त की राशि का भुगतान वंचित किसानों को कर दिया गया। कार्यक्रम में कुल 23776 छूटे हुए किसानों के खाते में प्रथम किस्त की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई।
जागरण संवाददाता, बोकारो: बोकारो क्लब में शुक्रवार को कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना की पहली किस्त की राशि का भुगतान वंचित किसानों को कर दिया गया। कार्यक्रम में कुल 23776 छूटे हुए किसानों के खाते में प्रथम किस्त की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। कार्यक्रम में मंत्री अमर बाउरी ने बताया कि जिले में चिह्नित सभी 44762 किसानों को योजना के तहत पहली किस्त की राशि का भुगतान कर दिया गया है।
कर्ज देते थे, फिर उसे माफ कर लुभाने का करते थे प्रयास: मंत्री ने कहा कि अबतक की सरकारें गरीबों को गरीब रखने में भरोसा करती थीं। किसानों को कर्ज दिया जाता था, पांच वर्ष बाद कर्ज माफी की घोषणा कर लोगों को प्रभावित करने का प्रयास किया जाता था, लेकिन केंद्र की मोदी व प्रदेश की रघुवर सरकार ने इस क्रम को तोड़ दिया। सरकार ने उनके जीवन में बदलाव लाया है।
नवंबर-दिसंबर में मिलेगी तीसरी किस्त: बाउरी ने कहा कि झारखंड देश का पहला राज्य है, जिसने किसानों की मदद के लिए अलग से बजट पेश किया है। उन्होंने कहा कि दीपावली से पूर्व दूसरी किस्त की राशि भी जिले के किसानों के खाते में भेज दी जाएगी। बची हुई राशि को नवंबर-दिसंबर तक तीसरे किस्त के रूप में किसानों को डीबीटी के माध्यम से दी जाएगी।
बाउरी ने कहा कि इंसान कितनी भी प्रगति क्यों ना कर ले, उसे दिन में तीन वक्त का भोजन चाहिए ही होता है और किसी फैक्ट्री में अनाज बनाया नहीं जा सकता है। इसलिए हमें किसानों को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है।
उपायुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि अभी खेती का सीजन होने की वजह से इस कार्यक्रम को लांच करने का सबसे उचित समय है। इससे किसानों को खाद, बीज पाइप, पंपसेट आदि खरीदने में काफी मदद मिलेगी। डीसी ने कहा कि यदि कोई बिचौलिया आपको परेशान करता है तो सीधे संपर्क करें। संबंधित पर कड़ी कार्रवाई होगी।
मौके पर अपर समाहर्ता विजय कुमार गुप्ता, जेम्स सुरीन, राजीव कुमार मिश्र, 20 सूत्री उपाध्यक्ष लक्ष्मण नायक, सांसद प्रतिनिधि त्रिलोकी सिंह, लंबोदर महतो, संजय त्यागी, सीओ दिवाकर द्विवेदी, मनोज कुमार, राजेश कुमार सहित जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी, व किसान उपस्थित थे।