पिछड़ों को मिले 36 फीसद आरक्षण : लालचंद
तेलो (बेरमो) : पिछडा वर्ग संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बुधवार को बाराडीह पंचायत सचिवालय में फुल
तेलो (बेरमो) : पिछडा वर्ग संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बुधवार को बाराडीह पंचायत सचिवालय में फुलचंद महतो की अध्यक्षता में पिछड़ा व दलित मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री लालचंद महतो ने कहा कि झारखंड में आबादी के आधार पर पिछडों को 36 फीसद आरक्षण मिलना चाहिए। अलग राज्य बनने के बाद से ही पूर्व की सरकारों ने झारखंड के पिछडा एंव दलित वर्ग के लोगों को ठगने का काम किया है। एकीकृत बिहार राज्य के समय पिछडों का आरक्षण 27 फीसद था, उन्हें घटाकर 14 फीसद कर दिया गया है। जबकि राज्य में आठ फीसद जनसंख्या के लोगों को पचास फीसद का लाभ दिया जा रहा है। सरकार की गलत नीतियों के कारण 1932 के खतियान को समाप्त कर 1985 को आधार बनाकर स्थानीयता लागू कर दिया गया है जिसके कारण झारखंड के लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है। झारखंड के लोग रोजगार की तलाश में पलायन करने को विवश है। महतो ने कहा कि राज्य में गैर मजरूआ जमीन का रसीद काटना और बंदोबस्ती बंद करने से लोगों की समस्या बढ़ गयी है। इन्हीं मांगों को लेकर 25 फरवरी को मोराबादी मैदान में पिछड़ों और दलितों के आरक्षण की मांग को लेकर महासम्मेलन किया जाएगा। समारोह में मजदूर नेता इंद्रदेव महतो ने कहा कि 17 साल गुजर जाने के बाद भी झारखंड में पिछडा वर्ग के लोग मुख्य धारा से पीछे है। इम्तियाज अहमद ने कहा कि समाज में फैली बुराई को दूर करने के लिए लोगों को राजनीति से ऊपर उठकर काम करने की जरूरत है। समारोह को मुखिया सुरेश महतो, साधु महतो, अमृत महतो, शिव प्रसाद महतो, नुनूचंद महतो, खेलू महतो, चिरंजीव महतो ने भी को संबोधित किया।
प्रखंड कमेटी का गठन :
तेलो के बाराडीह में आयोजित सम्मेलन में पिछडा वर्ग संघर्ष मोर्चा का पुनर्गठन किया गया। इसमें अध्यक्ष सुरेश महतो, उपाध्यक्ष साधू महतो, सचिव अमृत महतो, सहसचिव बुधन तुरी, कार्यकारी अध्यक्ष शिवप्रसाद महतो, संगठन सचिव खेलू महतो, कोषाध्यक्ष विश्वनाथ रवानी के अलावा ग्यारह कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव किया गया। जिला कमेटी का अध्यक्ष प्रदीप वर्मा, सचिव विश्वनाथ रजवार को चुना गया। जिला कमेटी का विस्तार अगली बैठक में करने का निर्णय लिया गया।