बोकारो से 183 हज यात्री जाएंगे मक्का
आगामी 7 जुलाई को बोकारो से 183 हज यात्रियों का जत्था मक्का के लिए रवाना होगा। रवानगी के पूर्व हज यात्रियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन सेक्टर 12 क्लब में किया गया।
जागरण संवाददाता, बोकारो: आगामी 7 जुलाई को बोकारो से 183 हज यात्रियों का जत्था मक्का के लिए रवाना होगा। रवानगी के पूर्व हज यात्रियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन सेक्टर 12 क्लब में किया गया। प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन करते हुए उपायुक्त कृपानंद झा ने कहा कि आप सभी बड़ी सौभाग्यशाली लोग हैं, जिन्हें हज यात्रा मौका मिला है। उन्होंने कहा कि आप बोकारो ही नहीं, झारखंड व देश का प्रतिनिधि बन कर मक्का जा रहे हैं। यात्रा में ऐसा प्रयास होना चाहिए कि आपके अनुशासन की प्रशंसा हो। जिला प्रशासन आपके सकुशल यात्रा की कामना करता है। साथ ही आपसे अपील करता है कि आप देश व राज्य की सलामती व शांति की दुआ करें। एसपी पी मुरूगन ने सुरक्षा संबंधी नियमों की जानकारी दी।
झारखंड राज्य हज समिति के पूर्व सदस्य अब्दुल वाहिद खान की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर हाजी अब्बुस सज्जार अंसारी, मो. रशीदउद्दीन , मिसबाउद्दीन, लुकमान अंसारी, हाजी नूर मोहम्मद, अबरार खान, सगीर अहमद खान, रशीद खान, मो. उल्फत हुसैन, मौलाना मंजूर आलम, ताहिर हुसैन, कलीम नूरी सहित अन्य उपस्थित थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप