बेरहमी से पिटाई कर की पत्नी की हत्या
जागरण संवाददाता ऊधमपुर रैंबल थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात को संदिग्ध परिस्थितियों में
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर :
रैंबल थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात को संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत हो गई। महिला के पति ने पुलिस को बरगलाने के लिए मौत की वजह छत से नीचे गिरना बताई थी। मगर मायके पक्ष के हत्या की आशंका, घटना स्थल की जांच और पोस्टमार्टम के बाद हत्या किए की बात स्पष्ट हो गई। जिसके चलते पुलिस ने संदिग्ध मौत के मामले को हत्या में तब्दील कर दिया है। हालांकि हत्यारोपित पति अभी सेना की हिरासत में है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तार के लिए सैन्य अथारिटी के लिखा है। शनिवार को उसकी गिरफ्तारी संभव है।
गौरतलब है कि बुधवार रात को रैंबल थाना क्षेत्र के जिब मजालता इलाके में स्थित सैन्य आवासीय क्षेत्र में एक महिला शालू पत्नी जगदीश कुमार की परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को मृतका के पति ने बताया कि उसकी पत्नी की मौत दूसरी मंजिल से नीचे गिरने की वजह से हुई है। पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्ट के लिए जिला अस्पताल भेज दिया था। अगले दिन मृतका के मायके पक्ष के लोगों जिसमें भाई, बहनें और अन्य परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोनों की शादी को पांच साल हो गए थे। शादी के बाद से जगदीश सिंह शालू के साथ मारपीट करता था। परिवार से पुलिस को पता चला कि दोनों के बीच तलाक की नौबत तक आ गई थी। मायका पक्ष के लोगों ने शालू की हत्या की आशंका जताई।
वहीं संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही पुलिस को घटना स्थल से भी कुछ अहम सुराग मिले। पुलिस के मुताबिक जगदीश के घर की तलाशी लेने पर पुलिस को कमरे के अंदर चादर और अन्य जगह पर खून के निशान मिले। मायके के लोगों के आने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम कर उसे मायके वालों को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट तो अभी नहीं आई है, लेकिन पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों से पता चला कि महिला की बेरहमी से पिटाई गई गई। जिससे आई गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
इस जानकारी के बाद रैंबल पुलिस ने संदिग्ध मौत के मामले को हत्या के मामले में तब्दील कर दिया है। मगर अभी तक मृतका के पति की गिरफ्तार नहीं हो सकी है। इस बारे में थाना प्रभारी विरेंद्र गुप्ता ने बताया कि जांच और पोस्टमार्टम के बाद यह स्पष्ट हो गया है, कि महिला की हत्या हुई है। छत से गिरने की कहानी पुलिस को गुमराह करने के लिए उसके पति ने बनाई थी। हत्यारोपित को गिरफ्तार करने के लिए सैन्य आथारिटी को लिख दिया गया है। शनिवार को हत्यारोपित को गिरफ्तार किया जाएगा, उसके बाद उसके पूछताछ कर हत्या करने की वजह का पता लगाया जाएगा।