Vaishno Devi: वैष्णो देवी जाने का है प्लान, हेलीकॉप्टर-रोपवे सेवा जारी; नवरात्रि में बढ़ेगी भीड़, जानें मौसम का हाल
Vaishno Devi Yatra Update: बरसात के बाद मौसम साफ होने से श्री माता वैष्णो देवी यात्रा सुचारु रूप से चल ...और पढ़ें

मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शनों के लिए यात्रा मार्ग से भवन की और बढ़ते श्रद्धालु। फोटो- जागरण
HighLights
मौसम साफ होने से वैष्णो देवी यात्रा सुचारु रूप से जारी।
हेलीकॉप्टर, बैटरी कार सहित सभी सुविधाएं सामान्य रूप से उपलब्ध।
नवरात्र में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की प्रबल संभावना।
जागरण संवाददाता, कटड़ा। बरसात के मौसम के समाप्त होने के साथ ही मौसम में सुधार जारी है। इसी के चलते श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा भी सुचारु रूप से जारी है। यात्रा पर पहुंच रहे श्रद्धालुओं को मार्ग में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए श्राइन बोर्ड प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
बुधवार को भी दिनभर मौसम साफ रहा और अच्छी धूप खिली रही। हालांकि दिन के समय भवन की ओर यात्रा करते श्रद्धालुओं को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ा, जबकि सुबह और शाम के समय मौसम में हल्की ठंडक बनी रही। श्रद्धालु मौसम को देखते हुए यात्रा के दौरान आवश्यक गर्म कपड़े भी साथ लेकर चल रहे हैं।
हेलीकॉप्टर सेवा के साथ अन्य सुविधाएं जारी
यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर सेवा के साथ बैटरी कार, घोड़ा-पिट्ठू, पालकी सहित अन्य सुविधाएं भी सामान्य रूप से जारी रहीं। भवन पर मां के दिव्य दर्शन करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोपवे के माध्यम से भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर रहे हैं। इससे भैरव घाटी में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है।
नवरात्रि में बढ़ेगी यात्रा की रफ्तार
देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का आधार शिविर कटड़ा पहुंचना लगातार जारी है। वर्तमान में यात्रा में धीरे-धीरे तेजी देखने को मिल रही है। आगामी शारदीय नवरात्र को देखते हुए श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। नवरात्रि के दौरान कटड़ा से लेकर भवन तक यात्रा मार्ग पर काफी चहल-पहल रहने की उम्मीद है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यात्रा मार्ग पर पुलिस, सीआरपीएफ, आपदा प्रबंधन दल और श्राइन बोर्ड के अधिकारी व जवान तैनात हैं। यात्रा की लगातार निगरानी के साथ श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता भी उपलब्ध करवाई जा रही है। पंजीकरण के बाद श्रद्धालु आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त कर परिवार और मित्रों के साथ भवन की ओर रवाना हो रहे हैं।
बाजारों में रौनक
मां के दर्शन के बाद श्रद्धालु कटड़ा लौटकर बाजारों में प्रसाद, माता की चुनरी और अन्य सामान की खरीदारी भी कर रहे हैं। इससे आधार शिविर के बाजारों में भी रौनक बनी हुई है। बुधवार को शाम 4 बजे तक करीब 16 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
