मां वैष्णो देवी जाने वाले ध्यान दें, त्रिकूट पर्वत पर छाए बादल, हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित; जानें ताजा अपडेट
Vaishno Devi Yatra Update: ठंडी हवाओं और बदले मौसम के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारु रूप से जारी ...और पढ़ें

मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शनों के लिए भवन पर मौजूद श्रद्धालु। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, कटड़ा। मौसम में आए बदलाव के बीच वीरवार को मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह सुचारु रही। दिनभर ठंडी हवाएं चलने के साथ त्रिकूट पर्वत सहित आसमान में बादलों का जमघट लगा रहा। बदले मौसम के कारण कटड़ा से भवन के लिए चलने वाली हेलीकॉप्टर सेवा बीच-बीच में प्रभावित हुई, हालांकि अधिकांश समय यह सेवा श्रद्धालुओं को उपलब्ध रही।
वहीं, बैटरी कार सेवा, रोपवे सेवा तथा घोड़ा-पिट्ठू-पलकी आदि सुविधाएं भी श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के मिलती रहीं। मौसम में बदलाव को देखते हुए श्रद्धालु पंजीकरण करवाने के बाद हल्के गर्म कपड़े साथ लेकर भवन की ओर रवाना होते नजर आए। मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं को बारिश का सामना भी करना पड़ सकता है।
सभी यात्रा मार्ग फिलहाल सुचारु
मां वैष्णो देवी के सभी यात्रा मार्ग फिलहाल सुचारु हैं और श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। मौसम में बदलाव को देखते हुए यात्रा मार्ग पर आपदा प्रबंधन दल, साइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग और सीआरपीएफ के अधिकारी व जवान तैनात हैं, जो लगातार यात्रा मार्ग की निगरानी कर रहे हैं।
ठंडी हवाओं के बीच श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ जयकारे लगाते हुए पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मां के दरबार की ओर बढ़ते रहे। भवन पर मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन करने के उपरांत श्रद्धालु रोपवे के माध्यम से भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के चरणों में भी हाजिरी लगाते रहे।
मौसम बदला तो श्राइन बोर्ड ने बढ़ाई निगरानी
मौसम में हुए बदलाव को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने भी यात्रा व्यवस्था की निगरानी बढ़ा दी है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे। वीरवार दोपहर दो बजे तक करीब 13 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे और श्रद्धालुओं के आगमन का सिलसिला लगातार जारी रहा।
