Vaishno Devi: वैष्णो देवी यात्रा पर जा रहे हैं? हेलीकॉप्टर सेवा से बैटरी कार तक, जान लें ताजा अपडेट
Vaishno Devi Yatra Update: मौसम में बदलाव के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी है, जिसमें ...और पढ़ें

महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग से भवन की ओर बढ़ते श्रद्धालु। फोटो- जागरण
HighLights
यात्रा सुचारू रूप से जारी, हेलीकॉप्टर सेवा भी उपलब्ध है।
बैटरी कार मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण अंतिम चरण में।
श्रद्धालु पूरे जोश और श्रद्धा के साथ भवन की ओर बढ़ रहे हैं।
जागरण संवाददाता, कटड़ा। अगर आप मां वैष्णो देवी के दर्शन का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए है। मौसम में बदलाव के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी है। शुक्रवार को दिन में अधिकांश समय मौसम साफ रहने के कारण श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर सेवा भी उपलब्ध रही।
वहीं, मां वैष्णो देवी यात्रा के महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से पर निर्माण कार्य तेजी से जारी है और यह कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। संबंधित इंजीनियरों व कर्मचारियों के अनुसार आगामी दो-तीन दिनों में निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
निर्माण कार्य जारी रहने के बावजूद बैटरी कार सेवा के संचालन और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ रहा है। बैटरी कार सेवा सुचारू रूप से जारी है और श्रद्धालु पारंपरिक मार्ग के साथ-साथ बैटरी कार मार्ग का इस्तेमाल कर भवन की ओर लगातार रवाना हो रहे हैं।
वैष्णो देवी में मौसम कैसा है?
पिछले कुछ दिनों से मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। बरसात का मौसम बीतने के बाद तापमान में बदलाव के चलते भवन की ओर जाने वाले श्रद्धालु अपने साथ हल्के गर्म कपड़े लेकर चल रहे हैं। हालांकि, दिन के समय धूप खिलने से श्रद्धालुओं को गर्मी और उमस का भी सामना करना पड़ा।
वैष्णो देवी में हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध
शुक्रवार को दिन में मौसम साफ रहने के कारण हेलीकॉप्टर सेवा अधिकांश समय उपलब्ध रही। श्रद्धालु पूरे जोश और श्रद्धा के साथ मां वैष्णो देवी के भवन की ओर बढ़ते रहे। भवन पहुंचकर श्रद्धालुओं ने मां के दिव्य दर्शन कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल, घोड़ा-पिट्ठू और अन्य उपलब्ध साधनों से भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के चरणों में भी हाजिरी लगा रहे हैं। भैरव घाटी पहुंचने के लिए रोपवे सेवा का भी श्रद्धालु लाभ उठा रहे हैं।
कटड़ा बाजार में श्रद्धालुओं की रौनक
वर्तमान में मां वैष्णो देवी की यात्रा सामान्य बनी हुई है। यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु कटड़ा बाजार से प्रसाद और अन्य सामान की खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे बाजार में श्रद्धालुओं की हल्की रौनक देखने को मिल रही है।
स्थानीय व्यापारियों को उम्मीद है कि आगामी शारदीय नवरात्रों और सर्दी के मौसम के दौरान यात्रा में और बढ़ोतरी होगी। व्यापारी वर्ग भी नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।
शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक करीब 13 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे, जबकि श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी था। फिलहाल सभी प्रमुख यात्रा मार्ग खुले हैं और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी कर रहे हैं।
