Vaishno Devi: वैष्णो देवी जाने वालों के लिए खुशखबरी! बैटरी कार मार्ग 8 दिन बाद फिर से खुला, हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित
Vaishno Devi Yatra Update: आठ दिन बाद मां वैष्णो देवी का महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया ...और पढ़ें

क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत के बाद बैटरी कार मार्ग से भवन की ओर जाते श्रद्धालु। (फोटो- जागरण)
HighLights
आठ दिन बाद वैष्णो देवी बैटरी कार मार्ग खुला।
बारिश से क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत पूरी हुई।
वीरवार से बैटरी कार सेवा फिर से शुरू होगी।
जागरण संवाददाता, कटड़ा। करीब आठ दिन के बाद मां वैष्णो देवी यात्रा का महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग बुधवार सुबह श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। मार्ग के खुलने से भवन की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। हालांकि, बैटरी कार सेवा को बुधवार को भी स्थगित रखा गया। जानकारी के अनुसार, वीरवार से इस मार्ग पर बैटरी कार सेवा भी सुचारु कर दी जाएगी।
बता दें कि आठ सितंबर को हुई बारिश के कारण बैटरी कार मार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ-साथ बैटरी कार सेवा भी पूरी तरह बंद कर दी गई थी।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया था। लगातार प्रयासों के बाद मार्ग को दुरुस्त कर बुधवार सुबह करीब सात बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया।
श्रद्धालु बैटरी कार मार्ग से भवन की ओर रवाना
मार्ग खुलने के बाद बुधवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु बैटरी कार मार्ग से भवन की ओर रवाना होते रहे। वहीं, मां वैष्णो देवी के पारंपरिक मार्ग से भी श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी रही।
हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित
बुधवार को मौसम सामान्य रहने के कारण दोपहर तक हेलीकॉप्टर सेवा भी सुचारु रही, लेकिन बाद में त्रिकूट पर्वत पर बादलों के जमघट के कारण हेलीकॉप्टर सेवा को स्थगित करना पड़ा।
घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवा उपलब्ध
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को घोड़ा, पिट्ठू और पालकी आदि की सेवाएं भी उपलब्ध होती रहीं। वहीं, श्रद्धालु रोपवे सेवा का लाभ उठाकर भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के चरणों में नतमस्तक हुए। यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु आधार शिविर कटड़ा के बाजारों में प्रसाद एवं अन्य सामान की खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में रौनक बनी हुई है।
फिलहाल मां वैष्णो देवी यात्रा के सभी मार्ग सुचारु हैं और श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगम तरीके से यात्रा कर रहे हैं। बुधवार शाम चार बजे तक करीब 14 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे और श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी था।
