वैष्णो देवी यात्रा अपडेट: 6 दिन में 2.60 लाख श्रद्धालुओं ने किए मां के दर्शन, भैरव घाटी पर भी बढ़ी भीड़; रोपवे सर्विस जारी
शारदीय नवरात्रों में मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है। छह दिनों में लगभग ...और पढ़ें

वैष्णो देवी भवन (जागरण फोटो)
HighLights
छह दिनों में 2.60 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
मौसम साफ होने से यात्रा हुई सुगम, सुविधाएं उपलब्ध
श्राइन बोर्ड द्वारा सुरक्षा और सहायता के पुख्ता इंतजाम
राकेश शर्मा, कटड़ा। पवित्र शारदीय नवरात्रों में मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है। परिवार और मित्रों के साथ कटड़ा पहुंच रहे श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर रवाना हो रहे हैं।
नवरात्रों के छह दिन में अब तक करीब 2.60 लाख श्रद्धालु मां के चरणों में हाजिरी लगा चुके हैं। शुक्रवार को मौसम साफ रहने और दिनभर धूप खिलने से यात्रा करने वालों को राहत मिली, जबकि श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी रही। शुक्रवार को कटड़ा और यात्रा मार्ग पर मौसम अनुकूल रहने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिली।
यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार, रोपवे और घोड़ा, पिट्ठू व पालकी जैसी सुविधाओं का लाभ उठाकर श्रद्धालु भवन पहुंच रहे हैं। मौसम में सुधार से इन सेवाओं का इस्तेमाल करने वालों को भी राहत मिली। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थानों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं।
यात्रा मार्ग पर सहायता मित्रों की टीमें भी कर रही मदद
सहायता मित्रों की टीमें भी लगातार मदद कर रही हैं। आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी व जवान यात्रा मार्ग पर तैनात हैं। सीसीटीवी कैमरों से यात्रा मार्ग और भवन परिसर पर नजर रखी जा रही है, ताकि भीड़ नियंत्रित रखने के साथ सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कटड़ा में पंजीकरण के बाद श्रद्धालु पवित्र बाणगंगा में स्नान कर यात्रा शुरू करते हैं। चरण पादुका और अर्धकुंवारी मंदिर में हाजिरी लगाने के बाद भवन पहुंचकर मां के दर्शन करते हैं। पवित्र गर्भजून गुफा और भवन परिसर की भव्य सजावट भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
कब-कब बढ़ी यात्रियों की संख्या
दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के चरणों में शीश नवाते हैं। नवरात्रों में 11 अक्टूबर को पहले दिन 47,500, 12 अक्टूबर को दूसरे दिन 48,300, 13 अक्टूबर को तीसरे दिन 46,500, 14 अक्टूबर को चौथे दिन 42,000 और 15 अक्टूबर को पांचवें दिन 40,000 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
शुक्रवार को छठे नवरात्र पर शाम दस बजे तक 41, 800 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। दिनभर यात्रा जारी रहने से कुल संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना थी। श्रद्धालु मां के दरबार में परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
