विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालु ध्यान दें, दर्शन के लिए नहीं है लंबी कतारें; जानिए कटड़ा से भवन तक का ताजा हाल

Published: Fri, 23 Oct 2026 05:29 PM (IST)

Vaishno Devi Yatra: मां वैष्णो देवी की यात्रा उत्साहपूर्वक जारी है, हालांकि नवरात्र के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में कमी ...और पढ़ें

मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए भवन की ओर रवाना होते श्रद्धालु। फोटो- जागरण

मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए भवन की ओर रवाना होते श्रद्धालु। फोटो- जागरण

जागरण संवाददाता, कटड़ा। मौसम सामान्य होने के साथ ही श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी है। मौसम साफ रहने और दिनभर धूप खिलने से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मां के जयकारे लगाते हुए परिवार और मित्रों सहित भवन की ओर रवाना हो रहे हैं। शुक्रवार को भी कटड़ा से लेकर मां के भवन तक यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

शुक्रवार को दिनभर मौसम सामान्य रहा। हालांकि, मौसम में बदलाव के चलते ठंडी हवाएं चलती रहीं, लेकिन इसका श्रद्धालुओं के उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ा। कटड़ा पहुंचने के बाद श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां के दर्शन के लिए रवाना होते रहे।

यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। श्रद्धालु अपनी सुविधा और जरूरत के अनुसार इन सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।

नवरात्र के बाद यात्रा में आई गिरावट

पवित्र शारदीय नवरात्र संपन्न होने के बाद मां वैष्णो देवी की यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में कमी दर्ज की गई है। नवरात्र के दौरान प्रतिदिन करीब 45 हजार से 50 हजार श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए कटड़ा पहुंच रहे थे, जबकि अब यह संख्या घटकर लगभग 22 हजार से 28 हजार के बीच रह गई है।

दीपावली सहित अन्य त्योहार नजदीक होने के कारण आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और कमी आने की संभावना है। हालांकि, भैया दूज के बाद यात्रा में फिर से तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

मां के दर्शन के बाद भैरव बाबा के दरबार में भी लगा रहे हाजिरी

मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन करने के बाद श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन भी कर रहे हैं। यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु वापस कटड़ा लौट रहे हैं। इस दौरान श्रद्धालु नगर के बाजारों में खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में रौनक बनी हुई है और स्थानीय दुकानदारों को भी लाभ मिल रहा है।

दोपहर तीन बजे तक 20 हजार श्रद्धालुओं ने करवाया पंजीकरण

आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार, 23 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे तक करीब 20 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां वैष्णो देवी के भवन की ओर रवाना हो चुके थे। इसके बाद भी कटड़ा पहुंचने और पंजीकरण करवाने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला जारी रहा।

मौसम सामान्य रहने और यात्रा मार्ग पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने के चलते श्रद्धालु सुगमता से अपनी यात्रा पूरी कर मां के दिव्य दर्शन कर रहे हैं।