विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Vaishno Devi: वैष्णो देवी जा रहे हैं? RFID कार्ड लेकर ही करें चढ़ाई, जानें हेलीकॉप्टर सेवा और ट्रैक का ताज अपडेट

Published: Sat, 19 Sep 2026 04:57 PM (IST)

सुहावने मौसम के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी है, जहां श्रद्धालुओं को सभी सुविधाएं मिल ...और पढ़ें

मां वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान भवन की ओर बढ़ते श्रद्धालु। फोटो- जागरण

मां वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान भवन की ओर बढ़ते श्रद्धालु। फोटो- जागरण

HighLights

  1. मां वैष्णो देवी यात्रा सुचारू रूप से जारी, सुविधाएं उपलब्ध।

  2. सुहावने मौसम और ठंडी हवाओं से श्रद्धालुओं को राहत मिली।

  3. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत, आपदा प्रबंधन दल मार्ग पर तैनात।

जागरण संवाददाता, कटड़ा। सुहावने मौसम के बीच शनिवार को मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी रही। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को फिलहाल किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। शनिवार दोपहर तक मौसम पूरी तरह साफ रहा, जिसके चलते श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर सेवा भी उपलब्ध रही। इसके बाद त्रिकूट पर्वत सहित आसमान में बादल छाने लगे और ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे भवन की ओर बढ़ रहे श्रद्धालुओं को राहत मिली।

वर्तमान में मां वैष्णो देवी यात्रा के सभी मार्ग पूरी तरह सुचारू हैं। श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान घोड़ा, पिट्ठू, पालकी, रोपवे और बैटरी कार सेवा सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

यात्रा को सुरक्षित बनाए रखने के लिए मार्ग पर आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग और सीआरपीएफ के अधिकारी व जवान तैनात हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी की जा रही है।

कटरा में कैसा है मौसम?

शनिवार को दिनभर श्रद्धालु पंजीकरण करवाने और आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त करने के बाद परिवार व मित्रों के साथ भवन की ओर रवाना होते रहे। मौसम में बदलाव के कारण आने वाले समय में यात्रा के दौरान हल्की बारिश की संभावना से भी इन्कार नहीं किया जा सकता।

हालांकि, बरसात का मौसम लगभग समाप्त हो चुका है। सुबह और शाम के समय मौसम में हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जिसके चलते श्रद्धालु गर्म कपड़े साथ लेकर यात्रा कर रहे हैं।

बाजारों में रौनक बढ़ी

मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन करने के बाद श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के चरणों में भी हाजिरी लगा रहे हैं। इसके बाद आधार शिविर कटड़ा पहुंचकर श्रद्धालु प्रसाद सहित अन्य सामान की खरीदारी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में रौनक बनी हुई है।

शुक्रवार को करीब 22 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई थी। वहीं, शनिवार शाम चार बजे तक करीब 15 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे और श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी था।