वैष्णो देवी जाने का बेस्ट टाइम, हेलीकॉप्टर, बैटरी कार और रोप-वे सहित सभी सेवाएं जारी; आसानी से हो रहे दर्शन
मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह सुचारु रूप से जारी है, जिसमें श्रद्धालु पूरे जोश और श्रद्धा के साथ ...और पढ़ें

माता वैष्णो देवी भवन (फाइल फोट)
HighLights
मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह सुचारु रूप से जारी है
श्रद्धालु जोश और श्रद्धा के साथ भवन की ओर बढ़ रहे हैं
सुरक्षा और आपदा प्रबंधन दल यात्रा मार्ग पर तैनात हैं
जागरण संवाददाता, उधमपुर। वर्तमान में मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह सुचारु रूप से जारी है। यात्रा के सभी मार्ग खुले होने के साथ ही श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, घोड़ा-पिट्ठू और पालकी जैसी विभिन्न सुविधाएं लगातार उपलब्ध हो रही हैं। इन सुविधाओं का लाभ उठाते हुए श्रद्धालु पूरे जोश और श्रद्धा के साथ मां वैष्णो देवी भवन की ओर बढ़ रहे हैं।
मंगलवार को दिनभर मौसम साफ रहा। हालांकि दोपहर के समय तेज धूप और उमस के कारण भवन मार्ग पर यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा। श्रद्धालु मार्ग पर बनाए गए विश्राम स्थलों में कुछ देर आराम करने के बाद जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते रहे। वहीं, मौसम में बदलाव के चलते सुबह और रात के समय यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को हल्की ठंड का एहसास भी होने लगा है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी मार्गों पर आपदा प्रबंधन दल, साइन बोर्ड, प्रशासन, पुलिस विभाग और सीआरपीएफ के जवान व अधिकारी तैनात हैं। संबंधित टीमें लगातार यात्रा मार्गों की निगरानी कर रही हैं।
मां वैष्णो देवी भवन पहुंचकर श्रद्धालु मां के दिव्य दर्शन कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के चरणों में भी हाजिरी लगा रहे हैं। यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु कटड़ा बाजार में प्रसाद व अन्य सामान की खरीदारी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में भी श्रद्धालुओं की हल्की रौनक बनी हुई है।
मंगलवार को दिनभर श्रद्धालु पंजीकरण करवाने के बाद परिवार और मित्रों के साथ जयकारे लगाते हुए भवन की ओर रवाना होते रहे। सोमवार को करीब 22 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई थी। वहीं, मंगलवार दोपहर 2 बजे तक करीब 13 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे और श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी था।
