वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर शर्मनाक हरकत, वायरल वीडियो से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था आहत, पुलिस ने शुरू की जांच
श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर कुछ युवक-युवतियों की आपत्तिजनक हरकत का वीडियो वायरल होने से श्रद्धालुओं में नाराजगी है।

वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल।
HighLights
वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुआ।
श्रद्धालुओं में नाराजगी, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची।
पुलिस ने जांच शुरू की, दोषियों पर होगी कार्रवाई।
संवाद सहयोगी, कटड़ा। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक आस्था के केंद्र श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर कुछ युवक-युवतियों की कथित आपत्तिजनक हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है और इसे आस्था को ठेस पहुंचाने वाला बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में कुछ युवक-युवतियां यात्रा मार्ग पर आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं, जबकि उसी दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भवन की ओर दर्शन के लिए आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि इस प्रकार की हरकतें न केवल धार्मिक मर्यादाओं के विपरीत हैं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को भी आहत करती हैं।
पुलिस भी हरकत में आई
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है। डीएसपी भवन महेश शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। पुलिस इसकी सत्यता की जांच कर रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब और यात्रा मार्ग के किस स्थान का है।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है तो इसमें शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं और यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी श्रद्धा, मर्यादा और धार्मिक भावना के साथ करें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों या यात्रा की पवित्रता प्रभावित हो।
