विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां वैष्णो देवी के जयकारों से गूंज रहा कटड़ा, नवरात्र में तीन लाख से ज्यादा भक्तों ने टेका माथा; जानिए यात्रा के ताजा हालात

Published: Sat, 17 Oct 2026 05:26 PM (IST)

Vaishno Devi Yatra: शारदीय नवरात्र के सातवें दिन तक माँ वैष्णो देवी की यात्रा में तीन लाख से अधिक श्रद्धालु ...और पढ़ें

दर्शनी ड्योढ़ी से भवन की ओर प्रस्थान करते श्रद्धालु। फोटो- जागरण

 दर्शनी ड्योढ़ी से भवन की ओर प्रस्थान करते श्रद्धालु। फोटो- जागरण

HighLights

  1. 3 लाख से अधिक श्रद्धालु नवरात्र के सातवें दिन तक पहुंचे।

  2. कटड़ा से भवन तक भक्तिमय माहौल और उत्साह।

  3. सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं से यात्रा सुगम बनी।

राकेश शर्मा, कटड़ा। शारदीय नवरात्र महोत्सव के दौरान मां वैष्णो देवी की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। नवरात्र के सातवें दिन शनिवार तक तीन लाख से अधिक श्रद्धालु मां के चरणों में हाजिरी लगा चुके हैं। देश के विभिन्न राज्यों से लगातार पहुंच रहे श्रद्धालुओं के कारण आधार शिविर कटड़ा से लेकर यात्रा मार्ग और मां वैष्णो देवी भवन तक भक्तिमय माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ जयकारे लगाते हुए मां के दरबार की ओर बढ़ रहे हैं।


श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शनिवार दोपहर तीन बजे तक लगभग 28 हजार श्रद्धालु यात्रा पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। इससे पहले, पहले नवरात्र यानी 11 अक्टूबर को 47,500 श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए थे।

दूसरे नवरात्र 12 अक्टूबर को 48,300, तीसरे नवरात्र 13 अक्टूबर को 46,500 और चौथे नवरात्र 14 अक्टूबर को 42 हजार श्रद्धालुओं ने यात्रा की। वहीं, पांचवें नवरात्र 15 अक्टूबर को 40 हजार और छठे नवरात्र 16 अक्टूबर को 41,800 श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे।

जयकारों से गूंज रहा यात्रा मार्ग

आधार शिविर कटड़ा में यात्रा पंजीकरण केंद्रों से लेकर दर्शनी ड्योढ़ी, बाणगंगा, अर्धकुंवारी और भवन तक श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है। तमाम चुनौतियों के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हो रहा। श्रद्धालु मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। वहीं, कई श्रद्धालु भवन परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर पुण्य अर्जित कर रहे हैं।

भवन में की गई आकर्षक सजावट भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। रंग-बिरंगी सजावट और भव्य धार्मिक वातावरण को श्रद्धालु अपने मोबाइल फोन और कैमरों में कैद कर रहे हैं। भवन में जारी शतचंडी महायज्ञ में भी श्रद्धालु भाग लेकर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त कर रहे हैं।

मौसम अनुकूल, सुविधाओं का लाभ उठा रहे भक्त

शनिवार को दिनभर मौसम सामान्य बना रहा, हालांकि ठंडी हवाएं चलती रहीं। अनुकूल मौसम के बीच श्रद्धालु उत्साह के साथ अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। यात्रा के दौरान व्रत रखने वाले भक्तों के लिए फलाहार की व्यवस्था उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त श्राइन बोर्ड की ओर से प्रमुख धार्मिक स्थलों पर स्थापित निशुल्क भोजनालयों में श्रद्धालुओं को भोजन की सुविधा भी मिल रही है। आधार शिविर कटड़ा में जारी नवरात्र महोत्सव के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी यात्रियों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर

श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, पुलिस और सुरक्षा बल सतर्क हैं। यात्रा मार्ग और भवन परिसर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन तथा आधार शिविर कटड़ा और भवन क्षेत्र में स्थापित नियंत्रण व्यवस्थाओं की मदद ली जा रही है। संबंधित विभाग यात्रा की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

नवरात्र के दौरान उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ से कटड़ा के बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भी रौनक बनी हुई है। मां के जयकारों के बीच श्रद्धालु लगातार भवन की ओर बढ़ रहे हैं। आने वाले दिनों में भी यात्रा को लेकर उत्साह बने रहने की उम्मीद है।