विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बारिश में भी वैष्णो देवी यात्रा जारी, नवरात्र के 5 दिन में 2.25 लाख भक्त पहुंचे, जानें चॉपर-बैटरी कार सेवा का अपडेट

Published: Thu, 15 Oct 2026 02:54 PM (IST)

Vaishno Devi Yatra: खराब मौसम और लगातार बारिश के बावजूद, नवरात्रि के पांच दिनों में 2.25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ...और पढ़ें

पांच दिनों में लगभग 2.25 लाख श्रद्धालुओं ने किए मां वैष्णो देवी के दर्शन।

पांच दिनों में लगभग 2.25 लाख श्रद्धालुओं ने किए मां वैष्णो देवी के दर्शन।

HighLights

  1. खराब मौसम में भी वैष्णो देवी में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था।

  2. नवरात्रि के पांच दिनों में 2.25 लाख से अधिक दर्शनार्थी पहुंचे।

  3. सुरक्षा एजेंसियां और श्राइन बोर्ड यात्रा मार्ग पर मुस्तैद।

राकेश शर्मा, कटड़ा। विपरीत मौसम और लगातार हो रही बारिश भी मां वैष्णो देवी के भक्तों की आस्था और उत्साह को कम नहीं कर पा रही है। पवित्र शारदीय नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं का मां के दरबार में पहुंचने का सिलसिला निरंतर जारी है। बुधवार रात मौसम में अचानक बदलाव आने के बाद तेज बारिश शुरू हो गई, जो वीरवार तड़के तक जारी रही। इसके बावजूद श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए मां वैष्णो देवी भवन की ओर बढ़ते रहे। जारी नवरात्र के पांच दिनों में अब तक करीब 2.25 लाख श्रद्धालु मां के चरणों में हाजिरी लगा चुके हैं।

बुधवार देर रात हुई बारिश के कारण यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को कई स्थानों पर परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश के चलते कुछ श्रद्धालुओं को रास्ते में बनाए गए आश्रय स्थलों में रुकना पड़ा। वहीं, भवन परिसर और अर्धकुंवारी मंदिर परिसर सहित अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालु मौसम सामान्य होने का इंतजार करते नजर आए।

वीरवार सुबह मौसम में कुछ सुधार हुआ, लेकिन बीच-बीच में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी। परिवार और मित्रों के साथ यात्रा कर रहे श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।

सुरक्षा एजेंसियां यात्रा मार्ग पर मुस्तैद 

खराब मौसम और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यात्रा मार्ग पर आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिस और सीआरपीएफ के जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं को मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने और संबंधित अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही है।

प्रशासन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से भी यात्रा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल सभी यात्रा मार्गों पर आवाजाही सुचारू बनी हुई है।

खराब मौसम से हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित

दूसरी ओर, खराब मौसम के कारण कटड़ा से संचालित हेलीकॉप्टर सेवा वीरवार को बीच-बीच में प्रभावित हुई। हालांकि, यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बैटरी कार, घोड़ा-पिट्ठू और पालकी सहित अन्य उपलब्ध सुविधाएं मिलती रहीं। श्रद्धालु मां के दर्शन करने के साथ परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

भवन क्षेत्र में जारी विशाल शतचंडी महायज्ञ में भी श्रद्धालु हवन-यज्ञ कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भैरवनाथ के दर्शन के लिए भैरव घाटी की ओर भी रवाना हो रहे हैं।

पहले पांच दिनों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब 

नवरात्र के दौरान मां के दरबार में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार उत्साहजनक बनी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 11 अक्टूबर को पहले नवरात्र पर 47,500 श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। 12 अक्टूबर को दूसरे नवरात्र पर 48,300, 13 अक्टूबर को तीसरे नवरात्र पर करीब 46,500 और 14 अक्टूबर को चौथे नवरात्र पर करीब 42,000 श्रद्धालु भवन पहुंचे।

पांचवें नवरात्र पर दोपहर तक 24 हजार श्रद्धालु रवाना

वहीं, पांचवें नवरात्र यानी वीरवार, 15 अक्टूबर को दोपहर एक बजे तक करीब 24,000 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर यात्रा पर रवाना हो चुके थे। इसके बाद भी आधार शिविर कटड़ा में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

श्रद्धालु कटड़ा में पंजीकरण करवाने के बाद आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त कर परिवार और मित्रों के साथ मां के दरबार की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। बारिश और ठंडी हवाओं के बीच श्रद्धालुओं की यह अटूट आस्था एक बार फिर धर्मनगरी कटड़ा में भक्ति और विश्वास का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही है।