विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां वैष्णो के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, नवरात्रों में 4 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन; आगे कैसी रहेगी भीड़?

Published: Mon, 19 Oct 2026 05:36 PM (IST)

Vaishno Devi Yatra: नवरात्रों के दौरान मां वैष्णो देवी के दरबार में करीब चार लाख श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई, जिससे ...और पढ़ें

मां के दिव्य दर्शनों के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। फोटो: जागरण

मां के दिव्य दर्शनों के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। फोटो: जागरण

HighLights

  1. नवरात्रों में करीब चार लाख श्रद्धालु वैष्णो देवी पहुंचे।

  2. भवन से भैरव घाटी तक भक्तिमय माहौल छाया रहा।

  3. श्रद्धालुओं की भीड़ से कटड़ा के बाजारों में रौनक।

राकेश शर्मा, कटड़ा। पवित्र शारदीय नवरात्रों के दौरान कटड़ा में मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर बना हुआ है। नवरात्रों के दौरान अब तक करीब चार लाख श्रद्धालु मां के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं। पवित्र नवरात्रों में बीच-बीच में मौसम में बदलाव के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी देखने को नहीं मिली। प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु आधार शिविर कटड़ा पहुंचकर यात्रा पंजीकरण करवाने के बाद मां के भवन की ओर प्रस्थान करते रहे।

नवरात्रों के दौरान भवन मार्ग से लेकर मां के दरबार, भैरव घाटी और आधार शिविर कटड़ा तक हर तरफ श्रद्धालुओं की भीड़ और जय माता दी के जयकारे गूंजते रहे।

सोमवार को मौसम सामान्य रहने से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान राहत मिली। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं के बीच भक्त मां के दर्शन करने के लिए आगे बढ़ते नजर आए।

मां के दरबार में सुख-समृद्धि की कामना

मां वैष्णो देवी भवन पहुंचकर श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाया और परिवार की सुख-समृद्धि, सुख-शांति तथा खुशहाली की कामना की। वहीं, भवन परिसर में जारी शतचंडी महायज्ञ में भी श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य अर्जित किया।

दिनभर श्रद्धालुओं का भैरव घाटी पहुंचने का सिलसिला भी जारी रहा। मां के दर्शन के बाद बड़ी संख्या में भक्त बाबा भैरवनाथ के दरबार में भी हाजिरी लगाते नजर आए।

अष्टमी पर मंदिरों में पूजा-अर्चना, जगह-जगह भंडारे

शारदीय नवरात्रों की अष्टमी के अवसर पर कटड़ा में धार्मिक गतिविधियां भी पूरे उत्साह के साथ आयोजित की गईं। नगरवासियों की ओर से विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया, जबकि प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। नवरात्रों के चलते कटड़ा  का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ हैं ।

दूसरी ओर, मां वैष्णो देवी की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ का सकारात्मक असर कटड़ा के व्यापारिक गतिविधियों पर भी देखने को मिला। यात्रा पूर्ण करने के बाद श्रद्धालु बाजारों में प्रसाद, पूजा सामग्री और अन्य सामान की खरीदारी करते नजर आए। इससे बाजारों में रौनक बनी हुई है। लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या से स्थानीय व्यापारी वर्ग में भी उत्साह देखने को मिल रहा है।

पहली नवरात्रि से लगातार जारी है श्रद्धालुओं का आगमन

यात्रा के आंकड़ों के अनुसार, 11 अक्टूबर को पहली नवरात्रि पर करीब 47,500 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए। 12 अक्टूबर को दूसरी नवरात्रि पर 48,300, 13 अक्टूबर को 46,500, 14 अक्टूबर को 42,000, 15 अक्टूबर को 40,000, 16 अक्टूबर को 41,800, 17 अक्टूबर को 48,500 और 18 अक्टूबर को अष्टमी के दिन करीब 47,700 श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई।

वहीं, सोमवार 19 अक्टूबर को दोपहर दो बजे तक करीब 19,000 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। इसके बाद भी श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की निरंतर आमद से कटड़ा में धार्मिक उत्सव की रौनक बनी हुई है।

हालांकि, आगामी दीपावली सहित अन्य त्योहारों के चलते यात्रा में कुछ कमी आने की संभावना जताई जा रही है। जानकारों के अनुसार, भैया दूज के बाद एक बार फिर मां वैष्णो देवी की यात्रा में तेजी देखने को मिल सकती है। फिलहाल नवरात्रों के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ से कटड़ा में आस्था, भक्ति और उत्सव का माहौल बना हुआ है।