विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आइसक्रीम खाई, नकदी उड़ाई और कार लेकर भागे, जम्मू के उधमपुर में चोरों का अजीब कारनामा; CCTV की हार्ड डिस्क भी ले गए 

Published: Mon, 12 Oct 2026 06:57 PM (IST)

चोरों ने उधमपुर के बट्टलबालियां चौक और कुद इलाके में तीन दुकानों को निशाना बनाया, हजारों की नकदी चुराई। आइसक्रीम ...और पढ़ें

उधमपुर में चोरों ने तीन दुकानों को बनाया निशाना।

उधमपुर में चोरों ने तीन दुकानों को बनाया निशाना।

HighLights

  1. बट्टलबालियां चौक में आइसक्रीम पार्लर से नकदी चोरी।

  2. चोरों ने सीसीटीवी हार्ड डिस्क भी साथ ले गए।

  3. कुद में वाइन शॉप समेत दो दुकानों को बनाया निशाना।

जागरण संवाददाता, उधमपुर। जिले में चोरी की वारदातों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बट्टलबालियां चौक और कुद इलाके में चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। बट्टलबालियां में चोर एक कार भी चुराकर ले गए, लेकिन करीब दो किलोमीटर दूर पहुंचने के बाद टायर पंचर होने पर उसे छोड़कर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि आइसक्रीम पार्लर में चोरी करने पहुंचे चोरों ने नकदी उड़ाने के साथ वहां आइसक्रीम भी खाई। पुलिस ने तीनों चोरी के मामलों की जांच शुरू कर दी है।

शहर से सटे बट्टलबालियां चौक इलाके में रविवार देर रात चोरों ने एक आइसक्रीम पार्लर को निशाना बनाया। दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने करीब नौ हजार रुपये की नकदी चुरा ली।

इस दौरान उन्होंने दुकान में रखी आइसक्रीम भी खाई। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ने के साथ उनकी हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान करने में पुलिस को परेशानी हो।

आइसक्रीम पार्लर के बाहर से कार चुराई

चोरों ने आइसक्रीम पार्लर के बाहर खड़ी एक कार भी चुरा ली। हालांकि, वे कार को ज्यादा दूर तक नहीं ले जा सके। करीब दो किलोमीटर की दूरी पर पहुंचने के बाद कार का टायर पंचर हो गया, जिसके बाद चोर उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।

बाद में कार मालिक को वाहन मिला तो उसका एक टायर पंचर था। आशंका जताई जा रही है कि टायर पंचर होने के कारण ही चोर कार छोड़कर भाग गए।

लगातार चोरी की घटनाओं से लोग परेशान

आइसक्रीम पार्लर के मालिक धीरज शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह उन्हें फोन आया कि उनकी दुकान का शटर उठा हुआ है और ताला टूटा पड़ा है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब पांच दिन पहले भी इसी इलाके से कुछ दूरी पर एक घर में चोरी हुई थी। उस वारदात में चोर घर से नकदी और गहने चुरा ले गए थे। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए लोगों ने पुलिस से इलाके में चौकी स्थापित करने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।

कुद में दो दुकानों के ताले तोड़े

उधर, चनैनी तहसील के कुद इलाके में भी चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, चोरों ने कुद के निकट एक वाइन शाप का ताला तोड़कर वहां से करीब 30 हजार से अधिक की नकदी चुरा ली। इसके बाद उन्होंने साथ लगती एक अन्य दुकान का ताला भी तोड़ दिया।

दोनों मामलों की जांच के लिए पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस तीनों चोरी की वारदातों से जुड़े तथ्यों और सुरागों की जांच कर रही है।