भूस्खलन से साढ़े चार घंटे बाधित रहे जम्मू-श्रीनगर हाईवे
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : खराब मौसम के चलते शनिवार को भी जम्मू- श्रीनगर हाईवे कुछ घंटो
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : खराब मौसम के चलते शनिवार को भी जम्मू- श्रीनगर हाईवे कुछ घंटों के लिए बंद रहा जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह के समय रामबन जिले में विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के कारण मलबा गिरने से हाईवे साढ़े चार घंटों तक बंद रहा। साढ़े चार घंटों के बाद हाईवे खुलने के बाद दोपहर तक यातायात फिर से सामान्य हो गया मगर रामसू के पास वाहनों को भूस्खलन प्रभावित हिस्से को बारी-बारी से पार करना पड़ा।
मौसम के बिगड़े मिजाज के कारण शुरू बारिश ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का रास्ता रोका। सुबह छह बजे के करीब जम्मू श्रीनगर हाइवे पर पंतिहाल, मोमपस्सी रामसू, डिगडोल और गांगरू इलाके में भूस्खलन हुआ। थोड़े अंतराल पर एक साथ कई जगह हुए भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर वाहनों की रफ्तार को ब्रेक लग गया। बारिश कम होने के बाद भूस्खलन से हाईवे से गिरे मलबे को हटाने का काम शुरु किया गया। मलबा हटाने के बाद जम्मू श्रीनगर को सुबह साढ़े दस बजे के करीब फिर से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। शनिवार को डाउन ट्रैफिक था, जिसके चलते वाहनों को श्रीनगर से घाटी की तरफ छोड़ा गया। जबकि छोटे यात्री वाहनों को दोनों तरफ से जाने की अनुमित रही। वहीं मोमपस्सी में एक तरफा वाहन गुजरने लायक रास्ता होने की वजह से वहां से वाहनों को बारी बारी से गुजरना पड़ा।