मास्क नहीं पहने वालों को किया जागरूक
नायब तहसीलदार पौनी कृष्ण चंद और उनकी टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए बिना मास्क के घूम रहे लोगों को पहले जागरूक किया और उसके बाद उनसे जुर्माना भी वसूला है।
संवाद सहयोगी, पौनी : कस्बे में मास्क नहीं पहनने वाले लोगों को स्थानीय प्रशासन ने एक बार फिर जागरूक किया है। नायब तहसीलदार पौनी कृष्ण चंद और उनकी टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए बिना मास्क के घूम रहे लोगों को पहले जागरूक किया और उसके बाद उनसे जुर्माना भी वसूला है।
डीसी रियासी इंदु कंवल चिब के निर्देश पर नायब तहसीलदार पौनी कृष्ण चंद द्वारा मुख्य चौक दोमेल, भारख और भांवला चौक पर नाका लगाया, जिसमें कई लोग बिना मास्क पहने हुए घूमते नजर आए। इस दौरान बिना मास्क पहने करीब 20 लोगों को पकड़ कर जुर्माना किया गया। नायब तहसीलदार कृष्ण चंद ने बताया पौनी तहसील में इससे पहले भी कई लोगों को शारीरिक दूरी ना बनाने और मास्क ना पहनने वालों को जागरूक करने के बाद नियमों का पालन करने के लिए कहा गया है, लेकिन लोग कोरोना महामारी को लेकर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। उन्होंने कहा भांवला और भारख में बिना मास्क पहने लोगों से जुर्माना वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा डीसी रियासी द्वारा सख्त निर्देश दिए गए हैं कि क्षेत्र में कोविड-19 को लेकर सरकार एवं जिला प्रशासन की तरफ से जारी निर्देश का अगर कोई भी व्यक्ति उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा लापरवाही बरतने वाले लोगों के खिलाफ प्रशासन कार्रवाई करेगा। वहीं, प्रशासन की कार्रवाई के बाद बाजार में मास्क पहनने के बाद लोग खरीदारी करते नजर आए। प्रशासनिक अधिकारियों ने दुकानदारों से भी मास्क पहनने को कहा है। उन्होंने कहा कि लोगों की लापरवाही उनके खुद, परिवार और समाज के लिए घातक साबित हो सकता है।