सिलेंडर फटने से घायल दो और की मौत
जागरण संवाददाता ऊधमपुर शुक्रवार रात को रामबन डीसी दफ्तर के पास एक घर में रसोई ग
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : शुक्रवार रात को रामबन डीसी दफ्तर के पास एक घर में रसोई गैस सिलेंडर फटने से हुए हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी। दो अन्य घायलों की भी शनिवार को मौत हो गई। मरने वालों में मां व उसकी चार बेटियां व एक डेढ़ साल का बेटा शामिल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिस घर में सिलेंडर में विस्फोट हुआ, वह मूल रूप से टंगर निवासी बिशनदास का था। कामकाज और बच्चों की पढ़ाई के सिलसिले में वह मैत्रा में डीसी दफ्तर के पीछे स्थित मुहल्ले में एक किराये का मकान लेकर रह रहा था। शुक्रवार रात को अचानक बिशदान के घर रसोई घर में भीषण विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग भड़क गई। सिलेंडर के धमाके से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मुहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग को सूचित किया। काफी देरी से पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। मगर तब तक घर में मौजूद चार लोगों की मौत हो चुकी थी। जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालात में ऊधमपुर के कमांड अस्पताल पहुंचाया। जहां पर शनिवार सुबह गंभीर रूप से घायल दो और की मौत हो गई। इस हादसे में मरने वाले सभी छह लोग एक ही परिवार के थे। जिसमें बिशानदास की पत्नी दर्शना देवी, उनकी बेटी आशु देवी, प्रियंका देवी और संतोषी देवी की शुक्रवार रात को मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ऊधमपुर कमांड अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ने वालों में बिशान की एक और बेटी अनीता देवी और डेढ़ साल का बेटा जगीर सिंह था। हादसे में गंभीर रूप से घायल मैत्रा में रह रहे प्रीतम सिंह मूल निवासी बलियोत अभी भी जिदगी और मौत के बीच झूल रहा है।
इस बारे में एसएसपी रामबन अनीता शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना का मामला प्रतीत हो रहा है। लग रहा है रसोई गैस सिलेंडर लीक होने की वजह से आग लगी और सिलेंडर फट गया। मगर पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने पर ही स्पष्ट तौर पर कुछ कहा जा सकता है।