विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रियासी में शुक्रवार बना हादसों का दिन! कहीं खाई में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तो कहीं डंपर पलटा, एक की मौत और एक घायल

Published: Fri, 11 Sep 2026 06:10 PM (IST)

रियासी जिले में शुक्रवार को तीन अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक घायल हो ...और पढ़ें

ज्योतिपुरम के गेट नंबर एक के पास पलटा डंपर।

ज्योतिपुरम के गेट नंबर एक के पास पलटा डंपर।

HighLights

  1. रियासी में शुक्रवार को हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसे।

  2. बग्गोदास में ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में गिरने से एक की मौत।

  3. नारकोट में टेंपो और ज्योतिपुरम में डंपर पलटा, एक घायल।

जागरण संवाददाता, रियासी। जिले में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर तीन सड़क हादसे हुए जिसमें एक व्यक्ति की मौत तो एक घायल हो गया। चसाना थाना क्षेत्र के बग्गोदास इलाके में सड़क निर्माण कार्य के लिए पत्थर लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क से करीब डेढ़ सौ फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में मंजीकोट, तहसील माहौर निवासी जावेद अहमद (32) की मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

दूसरे हादसे में तहसील ठाकराकोट के नारकोट इलाके में एक टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। उसमें चालक के अलावा कोई यात्री नहीं था। चालक को मामूली चोटें आईं।

सूचना मिलते ही सीआरपीएफ की 126वीं बटालियन के जवान मौके पर पहुंचे और खाई में उतरकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। उसे उपचार के लिए नजदीकी चिकित्सा केंद्र भेजा गया।

रेत से भरा डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया

तीसरी हादसे में रियासी अरनास सड़क पर एनएचपीसी कॉलोनी ज्योतिपुरम के गेट बैरियर नंबर एक के पास रेत से भरा डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। स्थानीय लोगों के अनुसार इस स्थान पर पहले भी कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं और इनमें कई लोगों की जान जा चुकी है।

लोगों ने बताया कि पहले सड़क कॉलोनी के भीतर से गुजरती थी, लेकिन बाहरी हिस्से में गेट लगाए जाने के बाद नया मार्ग बनाया गया। लोगों का कहना है कि नया मार्ग तकनीकी रूप से दुरुस्त नहीं है और सड़क की ऊंचाई व मोड़ के कारण यहां हादसों का खतरा बना रहता है।