विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में वर्दी पर दाग! रियासी कोर्ट के बाहर ASI 5000 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB ने रंगे हाथ पकड़ा

Published: Thu, 10 Sep 2026 06:31 PM (IST)

एंटी करप्शन ब्यूरो ने रियासी न्यायालय के बाहर एक एएसआई को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें

कोर्ट के बाहर ₹5 हजार लेते ACB ने रंगे हाथ पकड़ा। (फाइल फोटो)

कोर्ट के बाहर ₹5 हजार लेते ACB ने रंगे हाथ पकड़ा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. एसीबी ने रियासी न्यायालय के बाहर एएसआई को पकड़ा।

  2. एएसआई तालिब ₹5000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।

  3. तलवाड़ा पुलिस चौकी में तैनात था आरोपी एएसआई।

जागरण संवाददाता, रियासी। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने वीरवार को रियासी न्यायालय के बाहर कार्रवाई करते हुए पुलिस के एक एएसआई को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपित की पहचान तालिब के रूप में बताई गई है, जो तलवाड़ा पुलिस चौकी में तैनात बताया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, एक मामले में एएसआई द्वारा उससे रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि एएसआई पहले भी उससे पैसे ले चुका था और अब दोबारा रकम देने के लिए उस पर दबाव बना रहा था। इससे तंग आकर शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत की।

जाल बिछाकर एसीबी की टीम ने पकड़ा

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने कार्रवाई की योजना बनाई। वीरवार को शिकायतकर्ता को न्यायालय के बाहर आरोपित को पांच हजार रुपये देने थे। आरोपित उस समय पुलिस की वर्दी में था। जैसे ही शिकायतकर्ता ने उसे रिश्वत की रकम दी, वहां पहले से जाल बिछाकर मौजूद एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया।

दुकान के भीतर एसीबी की कार्रवाई 

इसके बाद एसीबी की टीम आरोपित को अपने साथ पास की एक दुकान में ले गई। काफी समय तक दुकान के भीतर एसीबी की कार्रवाई चलती रही। इस दौरान दुकान के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और वहां मौजूद लोगों में कार्रवाई को लेकर उत्सुकता बनी रही।

आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपित के पुलिस की वर्दी वाले कपड़े बदलवाए गए। इसके बाद अगली कार्रवाई के लिए एसीबी की टीम उसे अपने साथ ले गई।

ज्ञात रहे कि कुछ समय पहले भी एसीबी की टीम ने एक पुलिसकर्मी को रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। वह पुलिसकर्मी भी तलवाड़ा में ही तैनात था।